‘आधार’ मोबाइल ऐप पांच माह में 3.1 करोड़ से अधिक बार डाउनलोड

'आधार' मोबाइल ऐप पांच माह में 3.1 करोड़ से अधिक बार डाउनलोड

‘आधार’ मोबाइल ऐप पांच माह में 3.1 करोड़ से अधिक बार डाउनलोड
Modified Date: June 22, 2026 / 05:17 pm IST
Published Date: June 22, 2026 5:17 pm IST

नयी दिल्ली, 22 जून (भाषा) भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (यूआईडीएआई) की तरफ से पेश नए ‘आधार’ मोबाइल ऐप को पांच माह के भीतर ही 3.1 करोड़ से अधिक बार डाउनलोड किया जा चुका है।

सोमवार को जारी आधिकारिक बयान के मुताबिक, इस ऐप के माध्यम से करीब 40 लाख उपयोगकर्ताओं ने अपने मोबाइल नंबर को अद्यतन किया है, जबकि लगभग 8.5 लाख लोगों ने पते में संशोधन की सुविधा का उपयोग किया है।

प्राधिकरण ने कहा कि पांच महीने पहले पेश किए गए इस ऐप को देशभर में तेजी से स्वीकृति मिल रही है और इसका बढ़ता उपयोग इस पर लोगों के बढ़ते भरोसा जताता है।

यह नया आधार ऐप स्मार्टफोन के जरिये मोबाइल नंबर और पते को अद्यतन करने समेत कई सेवाएं उपलब्ध कराता है। इसमें मौजूद क्यूआर कोड के माध्यम से संपर्क विवरण डिजिटल रूप से साझा करने की सुविधा भी है, जिससे विजिटिंग कार्ड रखने की जरूरत खत्म हो जाती है।

बयान के मुताबिक, ऐप में एक क्लिक के जरिये बायोमेट्रिक लॉक/अनलॉक, उपस्थिति प्रमाण के लिए चेहरा सत्यापन, प्रमाणीकरण इतिहास और क्यूआर आधारित संपादन योग्य संपर्क कार्ड जैसी सुविधाएं शामिल हैं।

इसके साथ ही, उपयोगकर्ता ई-आधार डाउनलोड कर सकते हैं और आधार सेवा केंद्रों में जाने के लिए ऑनलाइन समय भी ले सकते हैं।

नए ऐप के जरिये होटल में चेक-इन के दौरान होटल के क्यूआर कोड को स्कैन कर आधार की भौतिक प्रति दिए बगैर भी सत्यापन किया जा सकता है।

प्राधिकरण ने कहा कि यह ऐप अस्पताल में भर्ती, आगंतुकों के प्रबंधन, आयोजनों में प्रवेश और अस्थायी कामगार (गिग वर्कर) एवं सेवा साझेदारों की पहचान सत्यापन जैसे कई उपयोग मामलों में मददगार है।

भाषा प्रेम

प्रेम अजय

अजय


लेखक के बारे में