एएम/एनएस इंडिया के सीईओ दिलीप ओम्मन होंगे सेवानिवृत्त, अमित हरलालका संभालेंगे कमान
एएम/एनएस इंडिया के सीईओ दिलीप ओम्मन होंगे सेवानिवृत्त, अमित हरलालका संभालेंगे कमान
नयी दिल्ली, 26 मार्च (भाषा) इस्पात बनाने वाली प्रमुख कंपनी ‘आर्सेलरमित्तल निप्पॉन स्टील’ (एएम/एनएस) इंडिया ने बृहस्पतिवार को घोषणा की कि उसके मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) दिलीप ओम्मन 30 जून को सेवानिवृत्त होंगे। कंपनी में 22 वर्षों के अपने लंबे कार्यकाल के दौरान ओम्मन पिछले सात साल से सीईओ पद की जिम्मेदारी संभाल रहे थे।
कंपनी द्वारा जारी बयान के अनुसार, 68 वर्षीय ओम्मन सेवानिवृत्ति के बाद भी कंपनी के साथ निदेशक मंडल के सदस्य के रूप में जुड़े रहेंगे। साथ ही, उन्हें ‘आर्सेलरमित्तल इंडिया प्राइवेट लिमिटेड’ का वाइस-चेयरमैन नियुक्त किया गया है।
कंपनी ने अमित हरलालका को उनका उत्तराधिकारी चुना है, जो एक जुलाई से नए सीईओ का पदभार संभालेंगे। हरलालका वर्तमान में कंपनी के मुख्य वित्त अधिकारी (सीएफओ) हैं।
वह दिसंबर, 2019 में कंपनी से जुड़े थे और इससे पहले उन्होंने मेक्सिको और लक्जमबर्ग जैसे देशों में भी महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाई हैं।
एएम/एनएस इंडिया के चेयरमैन आदित्य मित्तल ने ओम्मन के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने भारत में कंपनी को एक बड़े ब्रांड के रूप में स्थापित किया है।
भाषा सुमित अजय
अजय

Facebook


