दिल्ली सरकार कर्मचारियों को सार्वजनिक परिवहन के इस्तेमाल करने के लिए दे रही प्रोत्साहन

दिल्ली सरकार कर्मचारियों को सार्वजनिक परिवहन के इस्तेमाल करने के लिए दे रही प्रोत्साहन

दिल्ली सरकार कर्मचारियों को सार्वजनिक परिवहन के इस्तेमाल करने के लिए दे रही प्रोत्साहन
Modified Date: June 9, 2026 / 09:30 pm IST
Published Date: June 9, 2026 9:30 pm IST

नयी दिल्ली, नौ जून (भाषा) दिल्ली सरकार अपने कर्मचारियों को सार्वजनिक परिवहन के इस्तेमाल के लिए प्रोत्साहन दे रही है। इसके तहत कर्मचारियों के ‘कॉमन मोबिलिटी कार्ड’ का उपयोग करने पर उन्हें यात्रा भत्ते पर प्रोत्साहन मिलेगा।

यह पहल दिल्ली सरकार की उस कोशिश का हिस्सा है जिसके तहत पश्चिम एशिया संकट के कारण ईंधन बचाने की चिंता के बीच सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा दिया जा रहा है।

एक आदेश में कहा गया, ‘‘मौजूदा हालात में ईंधन बचाने और प्रदूषण कम करने की जरूरत को देखते हुए… दिल्ली सरकार ने अपने उन कर्मचारियों के लिए एक प्रोत्साहन योजना शुरू करने का फैसला किया है जो आने-जाने के लिए मेट्रो और सार्वजनिक परिवहन सेवाओं का उपयोग करते हैं।’’

वित्त विभाग के आदेश के अनुसार, अगर कोई कर्मचारी अपने मासिक परिवहन भत्ते का कम से कम 25 प्रतिशत हिस्सा ‘कॉमन मोबिलिटी कार्ड’ खरीदने या रिचार्ज करने में इस्तेमाल करता है, तो वह मिलने वाले परिवहन भत्ते के 10 प्रतिशत के बराबर प्रोत्साहन पाने का हकदार होगा। यह प्रोत्साहन वेतन के साथ दिया जाएगा।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने पिछले महीने 90 दिन का ‘मेरा भारत, मेरा योगदान’ ईंधन-बचत अभियान शुरू किया था। इसमें दिल्ली सरकार के सभी कर्मचारियों के लिए दो दिन ‘घर से काम करने’ और सार्वजनिक परिवहन के उपयोग की बात कही गई थी।

पिछले महीने, दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) ने यह भी घोषणा की थी कि वह दिल्ली सरकार के कर्मचारियों के लिए उनके घरों से नजदीकी मेट्रो स्टेशन और फिर दिल्ली सचिवालय तक के लिए विशेष बसें चलाएगी।

आदेश में कहा गया, ‘‘सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को, उनकी सहमति से, डीटीसी द्वारा जारी ‘कॉमन मोबिलिटी कार्ड’ दिया जाएगा। यह कार्ड वित्त विभाग के डीटीसी के साथ विचार-विमर्श कर जारी किया जाएगा।’’

इसमें कहा गया कि शुरू में यह प्रोत्साहन योजना छह महीने के लिए लागू की जाएगी और समीक्षा के बाद इसे आगे बढ़ाया जा सकता है।

भाषा रमण अजय

अजय


लेखक के बारे में