इलेक्ट्रिक यात्री वाहनों की खुदरा बिक्री मई में 81.20 प्रतिशत बढ़कर 26,682 इकाई पर

Ads

इलेक्ट्रिक यात्री वाहनों की खुदरा बिक्री मई में 81.20 प्रतिशत बढ़कर 26,682 इकाई पर

  •  
  • Publish Date - June 9, 2026 / 07:04 PM IST,
    Updated On - June 9, 2026 / 07:04 PM IST

नयी दिल्ली, नौ जून (भाषा) देश में इलेक्ट्रिक यात्री वाहनों की बिक्री में तेज उछाल आया है। इन वाहनों की बिक्री मई में 81.2 प्रतिशत बढ़कर 26,682 इकाई रही, जबकि पिछले साल इसी महीने में यह 14,725 इकाई थी। खुदरा वाहन उद्योग निकाय फाडा ने मंगलवार को यह कहा।

फेडरेशन ऑफ ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशन (फाडा) ने एक बयान में कहा कि टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स लि. इलेक्ट्रिक यात्री वाहने बेचने के मामले में शीर्ष पर बनी रही। कंपनी की बिक्री पिछले महीने दोगुना होकर 10,340 इकाई रही जो मई, 2025 में 5,083 इकाई थी।

घरेलू कंपनी महिंद्रा एंड महिंद्रा इस दौरान 6,210 इलेक्ट्रिक वाहन बेचकर दूसरे स्थान पर रही। पिछले साल इसी महीने के 2,891 यूनिट के मुकाबले यह 114.8 प्रतिशत अधिक है।

फाडा ने बताया कि जेएसडब्ल्यू एमजी मोटर इंडिया पिछले महीने 4,984 इकाई के साथ तीसरे स्थान पर रही, जबकि पिछले महीने इसी महीने में यह आंकड़ा 4,599 इकाई था।

इलेक्ट्रिक दोपहिया खंड में कुल बिक्री पिछले महीने 62.76 प्रतिशत बढ़कर 1,70,733 इकाई रही, जबकि मई, 2025 में यह 1,04,896 इकाई थी।

टीवीएस मोटर कंपनी ने इस खंड में बढ़त बनाए रखी। कंपनी की बिक्री मई, 2026 में 64.54 प्रतिशत बढ़कर 42,459 इकाई रही, जबकि पिछले साल इसी महीने में यह 25,804 इकाई थी।

फाडा के आंकड़ों के मुताबिक, बजाज ऑटो 39,202 इकाई के साथ दूसरे स्थान पर रही। कंपनी ने पिछले साल इसी महीने में 22,642 वाहन बेचे थे। इसके बाद एथर एनर्जी रही जिसने 28,240 इकाई बेची जो पिछले वर्ष इसी महीने में 14,101 इकाई थी।

पिछले महीने इलेक्ट्रिक तिपहिया वाहनों की कुल खुदरा बिक्री 71,867 इकाई रही, जबकि मई, 2025 में यह 66,185 इकाई थी। वहीं, इलेक्ट्रिक वाणिज्यिक वाहनों की कुल बिक्री आलोच्य महीने में 2,400 इकाई रही, जबकि मई, 2025 में यह 1,094 इकाई थी।

भाषा रमण अजय

अजय