हरियाणा के मुख्यमंत्री, फ्लिपकार्ट के सीईओ ने किसानों के लिए बाजार पहुंच बढ़ाने पर चर्चा की
हरियाणा के मुख्यमंत्री, फ्लिपकार्ट के सीईओ ने किसानों के लिए बाजार पहुंच बढ़ाने पर चर्चा की
चंडीगढ़, 29 जून (भाषा) हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सोमवार को नई दिल्ली में फ्लिपकार्ट ग्रुप के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) कल्याण कृष्णमूर्ति और मुख्य कॉरपोरेट मामलों के अधिकारी रजनीश कुमार से मुलाकात की और राज्य के साथ कंपनी की साझेदारी को मजबूत करने के बारे में चर्चा की।
एक सरकारी बयान के अनुसार, इस बैठक में प्रौद्योगिकी -आधारित पहल के ज़रिये किसानों और सूक्ष्म, लघु और मझोले उपक्रम (एमएसएमई) के लिए बाजार पहुंच बढ़ाने पर ध्यान दिया गया।
दोनों पक्षों ने कृषि मूल्य-श्रृंखला को मजबूत करने, उद्यमशीलता को बढ़ावा देने, दक्षता बढ़ाने और रोज़गार के अवसरों को बेहतर बनाने और हरियाणा में समावेशी आर्थिक वृद्धि को तेज़ करने पर चर्चा की।
मुख्यमंत्री ने बागवानी और ताज़ा उपज की प्राप्ति में सहयोग बढ़ाने पर भी चर्चा की, ताकि हरियाणा में ज़्यादा से ज़्यादा किसानों और किसान-उत्पादक संगठनों (एफपीओ) को प्रौद्योगिकी-सक्षम आपूर्ति श्रृंखला के ज़रिये बड़े बाजार तक पहुंचने में मदद मिल सके।
बयान में कहा गया है कि इस प्रस्तावित सहयोग का मकसद कृषि उपज के लिए बाजार संपर्क को बेहतर बनाना और साथ ही किसानों, उद्यमियों और स्थानीय व्यवसायों के लिए नए अवसर पैदा करना है।
बैठक के दौरान, फ्लिपकार्ट ने हरियाणा के प्रति अपनी लंबी अवधि की प्रतिबद्धता को दोहराया और कहा कि वह डिजिटल कॉमर्स और प्रौद्योगिकी के ज़रिये किसानों, उद्यमियों और स्थानीय व्यवसायों के लिए अवसर पैदा करने के लिए राज्य सरकार के साथ काम करना जारी रखेगा।
बयान में कहा गया है कि इन चर्चाओं में ग्रामीण समृद्धि को मजबूत करने, उद्यमशीलता को बढ़ावा देने और पूरे राज्य में टिकाऊ आजीविका के अवसर पैदा करने के लिए प्रौद्योगिकी और नवाचार का इस्तेमाल करने की साझा प्रतिबद्धता दिखाई दी।
भाषा राजेश राजेश अजय
अजय

Facebook


