एचडीएफसी बैंक की कमान संभालेंगे पूर्व वित्त सचिव राजीव कुमार, बोर्ड ने दी मंजूरी
एचडीएफसी बैंक की कमान संभालेंगे पूर्व वित्त सचिव राजीव कुमार, बोर्ड ने दी मंजूरी
नयी दिल्ली, 29 जून (भाषा) एचडीएफसी बैंक के निदेशक मंडल ने सोमवार को पूर्व वित्त सचिव राजीव कुमार को अपना नया चेयरमैन नियुक्त किया।
एचडीएफसी बैंक ने नियामकीय सूचना में बताया कि निदेशक मंडल (बोर्ड) ने राजीव कुमार को चार साल के लिए बैंक का स्वतंत्र निदेशक नियुक्त करने को मंजूरी दी है। यह नियुक्ति 30 जून, 2026 से प्रभावी होगी।
बैंक ने कहा कि उनकी नियुक्ति भारतीय रिजर्व बैंक की मंजूरी मिलने पर निर्भर है। केंद्रीय बैंक से मंजूरी मिलने के बाद कुमार को तीन साल के लिए बैंक का अंशकालिक चेयरमैन नियुक्त किया जाएगा। यह नियुक्ति आरबीआई की मंजूरी वाली तारीख से लागू होगी।
कुमार बाद में भारत के 25वें मुख्य चुनाव आयुक्त बने थे।
वह अतनु चक्रवर्ती की जगह लेंगे, जिन्होंने मार्च में नैतिक चिंताओं का हवाला देते हुए अचानक से इस्तीफा दे दिया था।
बैंक ने कहा है कि वित्तीय सेवा विभाग (2017-2020) के सचिव के तौर पर कुमार ने ऐसे समय पद संभाला था जब सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक कई चुनौतियों से जूझ रहे थे। इनमें बड़ी मात्रा में बिना पहचान वाली गैर-निष्पादित परिसंपत्तियां (एनपीए), पूंजी की कमी, इक्विटी और कर्ज का गलत इस्तेमाल जैसे मुद्दे थे।
इसमें कहा गया है कि ठोस नीति और उसके अमल के जरिये कुमार ने बैंक के बही-खातों को साफ-सुथरा और मजबूत बनाने का काम किया। उन्होंने एनपीए की साफ-साफ पहचान और उनके लिए प्रावधान को जरूरी बनाया और दिवाला एवं ऋण शोधन अक्षमता संहिता (आईबीसी) के तहत कर्ज लेने वालों की जवाबदेही तय की।
भाषा रमण अजय
अजय

Facebook


