वैश्विक अनिश्चितताओं के बावजूद भारत की आर्थिक वृद्धि मजबूत: एन चंद्रशेखरन

वैश्विक अनिश्चितताओं के बावजूद भारत की आर्थिक वृद्धि मजबूत: एन चंद्रशेखरन

वैश्विक अनिश्चितताओं के बावजूद भारत की आर्थिक वृद्धि मजबूत: एन चंद्रशेखरन
Modified Date: May 18, 2026 / 07:20 pm IST
Published Date: May 18, 2026 7:20 pm IST

नयी दिल्ली, 18 मई (भाषा) टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन ने कहा कि मजबूत जनसांख्यिकी, डिजिटल बुनियादी ढांचे और सरकार के सहायक उपायों के दम पर वैश्विक स्तर पर अस्थिर माहौल के बावजूद भारत की आर्थिक वृद्धि मजबूत बनी हुई है।

टाटा संस के चेयरमैन चंद्रशेखरन ने कहा कि वैश्विक परिदृश्य अब तेजी से बदल रहा है, जिससे उच्च अस्थिरता और कम स्पष्टता वाला माहौल बन गया है।

उन्होंने कहा कि दुनिया अब ऐसे दौर में काम कर रही है, जहां बड़े संरचनात्मक बदलाव, भू-राजनीतिक संवेदनशीलता और तेज प्रौद्योगिकी प्रगति देखने को मिल रही है।

उन्होंने टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स लिमिटेड (टीसीपीएल) की नवीनतम वार्षिक रिपोर्ट में कहा, “इन वैश्विक चुनौतियों के बीच भारत लगातार भरोसेमंद आर्थिक वृद्धि दर्ज कर रहा है। भारत की वृद्धि यात्रा मजबूत जनसांख्यिकीय आधार और तेजी से विकसित हो रहे डिजिटल सार्वजनिक ढांचे पर आधारित है।”

उन्होंने कहा कि आयकर में कटौती, ब्याज दरों में कमी और माल एवं सेवा कर (जीएसटी) सुधार जैसे सरकारी कदमों से लोगों की खर्च योग्य आय बढ़ी है। वहीं, खासकर खाद्य महंगाई में नरमी और सरकार के लगातार निवेश से अर्थव्यवस्था को मजबूती मिली है।

टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स के शेयरधारकों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, “इससे भारतीय उपभोक्ता बाजार को मजबूत आधार मिला है, जहां प्रीमियम उत्पादों, स्वास्थ्य एवं कल्याण और डिजिटल माध्यमों से खरीदारी की प्रवृत्ति लगातार बढ़ रही है।”

भाषा

योगेश अजय

अजय


लेखक के बारे में