इन्फोसिस का चौथी तिमाही में शुद्ध लाभ 21 प्रतिशत बढ़कर 8,501 करोड़ रुपये
इन्फोसिस का चौथी तिमाही में शुद्ध लाभ 21 प्रतिशत बढ़कर 8,501 करोड़ रुपये
(तस्वीर के साथ)
नयी दिल्ली, 23 अप्रैल (भाषा) सूचना प्रौद्योगिकी कंपनी इन्फोसिस का वित्त वर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही में एकीकृत शुद्ध लाभ 20.8 प्रतिशत बढ़कर 8,501 करोड़ रुपये रहा।
कंपनी ने वित्त वर्ष 2026-27 के लिए आय में 1.5 से 3.5 प्रतिशत वृद्धि का अनुमान जताया है। यह उम्मीद वित्तीय सेवाओं, जन उपयोगी सेवाओं और कृत्रिम मेधा आधारित सेवाओं में बढ़ती मांग पर आधारित है।
कंपनी प्रबंधन ने कहा कि वर्ष की शुरुआत अच्छी रही, हालांकि पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के कारण आर्थिक माहौल में कुछ बदलाव देखने को मिला, लेकिन अब स्थिति धीरे-धीरे स्थिर होती दिख रही है।
कंपनी की परिचालन आय वित्त वर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही में 13.4 प्रतिशत बढ़कर 46,402 करोड़ रुपये हो गई जो एक साल पहले 40,925 करोड़ रुपये थी।
पूरे वित्त वर्ष 2025-26 में इन्फोसिस का शुद्ध लाभ 10.20 प्रतिशत बढ़कर 29,440 करोड़ रुपये रहा जो 2024-25 में 26,713 करोड़ रुपये था। वित्त वर्ष 2025-26 में परिचालन आय 9.6 प्रतिशत बढ़कर 1,78,650 करोड़ रुपये हो गई।
कंपनी ने वित्त वर्ष 2026-27 के लिए स्थिर मुद्रा आधार पर 1.5 से 3.5 प्रतिशत आय वृद्धि का अनुमान जताया है।
इन्फोसिस के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) एवं प्रबंध निदेशक सलील पारेख ने कहा, “वित्तीय सेवाओं, संचार और विनिर्माण क्षेत्रों में मजबूत वृद्धि देखने को मिली है, जबकि भौगोलिक रूप से यूरोप में भी अच्छा प्रदर्शन रहा है। वित्त वर्ष 2026-27 की ओर देखते हुए हमें कृत्रिम मेधा (एआई) सेवाओं में बड़े अवसर दिखाई दे रहे हैं। हमें उम्मीद है कि वित्तीय सेवाओं के साथ-साथ ऊर्जा, जन केंद्रित सेवाओं, संसाधन और सेवा क्षेत्रों में वृद्धि की रफ्तार तेज होगी।’
उन्होंने कहा, “ईरान से जुड़े घटनाक्रम के कारण आर्थिक माहौल में बदलाव आया है, लेकिन अब स्थिति के स्थिर होने के संकेत दिख रहे हैं। बाजार और ग्राहकों से बातचीत के आधार पर हमें लगता है कि जिन अर्थव्यवस्थाओं में हमारा बड़ा कारोबार है, उनकी बुनियादी स्थिति मजबूत है। वहां आर्थिक गतिविधियां अच्छी हैं, निवेश हो रहा है और एआई क्षेत्र तेजी से आगे बढ़ रहा है।’
इन्फोसिस के मुख्य वित्त अधिकारी जयेश संघराजका ने कहा कि तिमाही के दौरान आए उतार-चढ़ाव का कारण मांग में कमी और बाजार में मांग व आपूर्ति के बीच संतुलन की स्थिति रही।
उन्होंने बताया कि कंपनी ने वित्त वर्ष 2025-26 में 20,000 से अधिक नए कर्मचारियों की नियुक्ति की है और वर्ष 2026-27 में भी कम से कम 20,000 नए लोगों को नियुक्त करने की योजना है।
कंपनी के निदेशक मंडल ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए प्रति शेयर 25 रुपये के अंतिम लाभांश की सिफारिश की है। अंतरिम लाभांश और शेयर पुनर्खरीद सहित कंपनी ने कुल मिलाकर 37,500 करोड़ रुपये से अधिक की राशि शेयरधारकों को लौटाई है।
भाषा योगेश रमण
रमण

Facebook


