काठमांडू, नौ जून (भाषा) नेपाल ने कथित रूप से अत्यधिक कीटनाशक पाए जाने और सीमावर्ती क्षेत्रों में ‘क्वारंटीन’ सुविधाओं के अभाव का हवाला देते हुए भारत से किए जाने वाले आम के आयात पर अंकुश लगा दिया है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
इस रोक के चलते नेपाल के स्थानीय बाजारों में घरेलू स्तर पर उत्पादित आम की उपलब्धता बढ़ गई है। गर्मी के मौसम में आम की मांग आमतौर पर काफी अधिक रहती है।
अधिकारियों ने बताया कि सरकार ने ऐसे आमों के आयात पर अंकुश लगाया है जिनमें कीटनाशकों की मात्रा निर्धारित सीमा से अधिक पाई गई और इसके साथ ही सीमावर्ती इलाकों में पर्याप्त ‘क्वारंटीन’ सुविधाओं की कमी भी इस फैसले का एक प्रमुख कारण है।
सुविधा केंद्रों के अभाव वाले इलाकों में खासकर मधेस प्रांत के सीमावर्ती क्षेत्र शामिल हैं।
मधेस प्रांत के भूमि प्रबंधन, कृषि एवं सहकारिता मंत्रालय के सूचना अधिकारी अजय ग्यावली ने कहा कि भारत से आम के आयात पर अंकुश ने स्थानीय किसानों को प्रोत्साहित किया है, क्योंकि इस मौसम में उन्हें भारतीय फलों के साथ प्रतिस्पर्धा नहीं करनी पड़ेगी।
भाषा यासिर अजय
अजय