चालू वित्त वर्ष में संगठित डेयरी क्षेत्र का राजस्व 13-15 प्रतिशत बढ़ेगा : रिपोर्ट
चालू वित्त वर्ष में संगठित डेयरी क्षेत्र का राजस्व 13-15 प्रतिशत बढ़ेगा : रिपोर्ट
मुंबई, 29 जून (भाषा) भारत के संगठित डेयरी क्षेत्र में चालू वित्त वर्ष में सतत मांग के कारण राजस्व में 13-15 प्रतिशत की बढ़ोतरी होने की उम्मीद है। सोमवार को आई एक रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई है।
क्रिसिल रेटिंग्स की रिपोर्ट के अनुसार, संगठित डेयरी क्षेत्र के राजस्व में इस वित्त वर्ष में दो से चार प्रतिशत अंक की तेजी आने की उम्मीद है, जिससे यह 13-15 प्रतिशत तक पहुंच जाएगा। इसे 8-10 प्रतिशत की लगातार मात्रा वृद्धि और समय-समय पर कीमतों में बढ़ोतरी का सहारा मिलेगा।
रिपोर्ट में कहा गया है कि मात्रा वृद्धि दूध और पारंपरिक डेयरी उत्पादों (जैसे मक्खन और घी) की जरूरी प्रकृति और मूल्यवर्धित उत्पादों की बढ़ती मांग से प्रेरित होगी।
कच्चे दूध की खरीद लागत में बढ़ोतरी – जो उत्पादन खर्च बढ़ने और दूध की आपूर्ति में धीमी वृद्धि के कारण है – से कीमतें बढ़ने की उम्मीद है।
इन बढ़ोतरी से कंपनियों को आदान लागत बढ़ने के बावजूद अपना परिचालन मुनाफा बनाए रखने में मदद मिलेगी।
क्रिसिल रेटिंग्स के निदेशक, शौनक चक्रवर्ती ने कहा, ‘‘कुल मिलाकर, इस वित्त वर्ष में दूध से बने उत्पादों के सभी खंड में औसत खुदरा कीमतों में 5-6 प्रतिशत की बढ़ोतरी होने की उम्मीद है।’’
कीमतें बढ़ने के बावजूद, मूल्यवर्धित उत्पादों के पोर्टफोलियो में विस्तार के कारण वृद्धि मजबूत रहने की उम्मीद है।
भाषा राजेश राजेश अजय
अजय

Facebook


