भारत में ‘चैटजीपीटी इमेजेज 2.0’ के जरिये एक अरब से अधिक तस्वीरें बनाई गईं: ऑल्टमैन
भारत में ‘चैटजीपीटी इमेजेज 2.0’ के जरिये एक अरब से अधिक तस्वीरें बनाई गईं: ऑल्टमैन
नयी दिल्ली, 18 मई (भाषा) ओपनएआई के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) सैम ऑल्टमैन ने सोमवार को कहा कि भारत में चैटजीपीटी के जरिये एक अरब से अधिक तस्वीरें बनाई जा चुकी हैं।
यह उपलब्धि ‘चैटजीपीटी इमेजेज 2.0’ के भारत में जारी होने के एक महीने से भी कम समय में हासिल हुई है।
ऑल्टमैन ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा कि भारत में ‘चैटजीपीटी इमेजेज 2.0’ के तहत अब तक एक अरब से अधिक तस्वीरें बनाई जा चुकी हैं।
चैटजीपीटी इमेजेज 2.0 को भारत में 21 अप्रैल को जारी किया गया था।
ओपनएआई द्वारा साझा की गई जानकारी के अनुसार, लोग ‘सिनेमैटिक पोर्ट्रेट कोलाज’, ‘मिनी मी वर्ल्ड’, ‘अंडरवाटर पोर्ट्रेट’, ‘एनीमे’, ‘चिबी स्टिकर पैक’, ‘मंगा कॉमिक स्ट्रिप’, ‘एन्हांस’ और ‘फैशन स्टूडियो पोर्ट्रेट’ जैसे प्रॉम्प्ट का इस्तेमाल कर तस्वीरें तैयार कर रहे हैं।
कंपनी ने कहा, ‘‘यह रुझान दर्शाता है कि भारत में एआई आधारित इमेज निर्माण अब केवल पारंपरिक उत्पादकता उपयोग तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका संबंध क्रिएटर संस्कृति, फैशन, प्रशंसकों और डिजिटल पहचान से भी तेजी से जुड़ रहा है।’’
कंपनी के अनुसार, अगर शुरुआती एक महीने के रुझान को संकेत माना जाए, तो ‘चैटजीपीटी इमेजेज 2.0’ भारत में लाखों लोगों को इंटरनेट के लिए एक नई दृश्य भाषा उपलब्ध करा रहा है।
चैटजीपीटी इमेजेज का पहला संस्करण दिसंबर, 2025 में जारी किया गया था।
भाषा योगेश अजय
अजय

Facebook


