नयी दिल्ली, नौ जून (भाषा) मलेशिया एक्सचेंज में आई गिरावट के बीच स्थानीय कारोबार में कच्चा पामतेल (सीपीओ) एवं पामोलीन तेल कीमतों में गिरावट आई। लागत से नीचे दाम पर आयातकों की बिकवाली करने से सोयाबीन तेल कीमतें भी नरम रहीं। जबकि ऊंचे दाम पर लिवाली प्रभावित रहने से सरसों तेल-तिलहन के भाव में भी गिरावट देखी गई। दूसरी ओर, महाराष्ट्र में सोयाबीन प्लांट द्वारा खरीद दाम बढ़ाने की वजह से सोयाबीन तिलहन कीमत में मजबूती देखी गई तथा सामान्य एवं सुस्त कारोबार के बीच मूंगफली तेल-तिलहन और बिनौला तेल के दाम स्थिर बने रहे।
मलेशिया एक्सचेंज गिरावट के साथ बंद हुआ। शिकॉगो एक्सचेंज कल रात सुधार के साथ बंद हुआ था और फिलहाल भी यहां सुधार जारी है।
दूसरी ओर, अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले रुपया आज 20 पैसे की मजबूती के साथ 95.41 पर बंद हुआ। रुपये के मजबूत होने से खाद्य तेलों का आयात पहले से सस्ता हुआ है और अधिकांश खाद्य तेल-तिलहनों के भाव नरम पड़े हैं।
बाजार सूत्रों ने कहा कि मलेशिया एक्सचेंज में आई गिरावट के कारण सीपीओ और पामोलीन तेल के भाव मंदे हुए हैं। रुपये के मजबूत होने से इनका आयात भी कुछ सस्ता बैठ रहा है। जिस कारण पाम-पामोलीन के दाम नरम रहे। वहीं रुपये की मजबूती के अलावा आयातकों द्वारा लागत से नीचे दाम पर बिकवाली जारी रखने के बीच सोयाबीन तेल कीमतों में भी गिरावट देखी गई। ऊंचे दाम पर लिवाली प्रभावित रहने की वजह से सरसों तेल-तिलहन के दाम भी नरम बंद हुए।
उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में सोयाबीन प्लांट वालों ने पिछले कुछ दिन में सोयाबीन तिलहन के खरीद दाम में 300-350 रुपये प्रति क्विंटल तक की वृद्धि की गई है जिससे सोयाबीन तिलहन में सुधार देखने को मिला। हालांकि, मध्य प्रदेश में प्लांट वालों ने सोयाबीन के खरीद दाम में वृद्धि नहीं की।
सामान्य और सुस्त कामकाज के बीच मूंगफली तेल-तिलहन तथा नगण्य उपलब्धता के दौरान ठंडे कामकाज के बीच बिनौला तेल के दाम स्थिर बने रहे।
तेल-तिलहनों के भाव इस प्रकार रहे:
सरसों तिलहन – 7,675-7,700 रुपये प्रति क्विंटल।
मूंगफली – 6,550-7,125 रुपये प्रति क्विंटल।
मूंगफली तेल मिल डिलिवरी (गुजरात) – 15,500 रुपये प्रति क्विंटल।
मूंगफली रिफाइंड तेल – 2,460-2,760 रुपये प्रति टिन।
सरसों तेल दादरी- 15,700 रुपये प्रति क्विंटल।
सरसों पक्की घानी- 2,590-2,690 रुपये प्रति टिन।
सरसों कच्ची घानी- 2,590-2,735 रुपये प्रति टिन।
सोयाबीन तेल मिल डिलिवरी दिल्ली- 15,700 रुपये प्रति क्विंटल।
सोयाबीन मिल डिलिवरी इंदौर- 15,650 रुपये प्रति क्विंटल।
सोयाबीन तेल डीगम, कांडला- 12,100 रुपये प्रति क्विंटल।
सीपीओ एक्स-कांडला- 13,800 रुपये प्रति क्विंटल।
बिनौला मिल डिलिवरी (हरियाणा)- 16,000 रुपये प्रति क्विंटल।
पामोलिन आरबीडी, दिल्ली- 15,600 रुपये प्रति क्विंटल।
पामोलिन एक्स- कांडला- 14,350 रुपये (बिना जीएसटी के) प्रति क्विंटल।
सोयाबीन दाना – 7,025-7,075 रुपये प्रति क्विंटल।
सोयाबीन लूज- 6,875-6,950 रुपये प्रति क्विंटल।
भाषा राजेश राजेश अजय
अजय