पासवान ने खाद्य कंपनियों से गुणवत्ता वाले उत्पाद बनाने पर ध्यान देने को कहा

पासवान ने खाद्य कंपनियों से गुणवत्ता वाले उत्पाद बनाने पर ध्यान देने को कहा

पासवान ने खाद्य कंपनियों से गुणवत्ता वाले उत्पाद बनाने पर ध्यान देने को कहा
Modified Date: July 3, 2026 / 07:44 pm IST
Published Date: July 3, 2026 7:44 pm IST

नयी दिल्ली, तीन जुलाई (भाषा) केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण मंत्री चिराग पासवान ने शुक्रवार को कहा कि इस क्षेत्र में कारोबार के बहुत बड़े मौके हैं और उन्होंने खाद्य कंपनियों से ऐसे गुणवत्ता वाले उत्पाद बनाने पर ध्यान देने को कहा जो दुनिया भर के ग्राहकों की जरूरतें पूरी कर सकें।

‘इंडियन हेल्दी स्नैकिंग समिट’ को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार ने पिछले 12 साल में खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र के विकास के लिए कई कदम उठाए हैं। इसमें इस क्षेत्र में 100 प्रतिशत प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआई) की मंजूरी देना भी शामिल है।

पासवान ने कहा कि खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र किसानों की आय बढ़ाने, रोजगार के मौके पैदा करने और बर्बादी कम करने में मदद कर सकता है।

यह कार्यक्रम नोएडा की खाद्य कंपनी ‘फार्मली’ ने आयोजित किया था।

खासकर युवा पीढ़ी में मोटापे के बढ़ते मामलों पर चिंता जताते हुए उन्होंने कहा, ‘‘स्वास्थ्यप्रद स्नैक्स की बहुत जरूरत है। हमें इस उभरते हुए खाद्य क्षेत्र पर बहुत ध्यान देने की जरूरत है।’’

पासवान ने स्वास्थ्यप्रद जीवनशैली को बढ़ावा देने पर जोर दिया।

मंत्री ने सोशल मीडिया इन्फ्लूएंसर द्वारा बनाई जा रही इस नकारात्मक धारणा के बारे में भी बात की कि ‘‘प्रसंस्कृत खाद्य बुरा होता है।’’

उन्होंने कहा कि इस धारणा का मुकाबला करने की जरूरत है क्योंकि यह वैज्ञानिक सबूतों पर आधारित नहीं है।

प्रसंस्करण क्षेत्र में बहुत गुंजाइश बताते हुए मंत्री ने कहा कि नेशनल इंस्टिट्यूट ऑफ़ फूड टेक्नोलॉजी एंटरप्रेन्योरशिप एंड मैनेजमेंट (निफ्टेम) इस क्षेत्र में स्टार्टअप की मदद करता है।

भाषा राजेश राजेश अजय

अजय


लेखक के बारे में