प्रधानमंत्री ने कनाडा के निवेशकों को भारत की वृद्धि गाथा में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया

प्रधानमंत्री ने कनाडा के निवेशकों को भारत की वृद्धि गाथा में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया

प्रधानमंत्री ने कनाडा के निवेशकों को भारत की वृद्धि गाथा में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया
Modified Date: March 2, 2026 / 08:05 pm IST
Published Date: March 2, 2026 8:05 pm IST

नयी दिल्ली, दो मार्च (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को कनाडा के निवेशकों को भारत की वृद्धि गाथा में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया। उन्होंने कहा कि भारत और कनाडा 2030 तक द्विपक्षीय व्यापार को 50 अरब डॉलर तक पहुंचाने पर सहमत हुए हैं।

दोनों देशों के बीच 2025 के जनवरी-अक्टूबर के दौरान द्विपक्षीय व्यापार लगभग आठ अरब डॉलर रहा।

मोदी ने यहां भारत-कनाडा सीईओ मंच को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘हम अपने द्विपक्षीय व्यापार को 50 अरब डॉलर तक ले जाना चाहते हैं और उस दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘इसीलिए, हमने दोनों देशों के बीच व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते (सीईपीए) को जल्द-से-जल्द अंतिम रूप देने का निर्णय लिया है।’’

मोदी ने कहा कि वैश्विक आर्थिक व्यवस्था पर दबाव है। ऐसे कठिन समय में भारत और कनाडा के उद्योगपतियों के बीच विचार-विमर्श द्विपक्षीय व्यापार संबंधों के लिए खाका तैयार करने में सहायक होगा।

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत और कनाडा मिलकर पूंजी और क्षमता के साथ एक ठोस आर्थिक शक्ति का प्रतिनिधित्व करते हैं।

उन्होंने भारत को दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्था बताते हुए कहा कि मजबूत घरेलू खपत, बड़े पैमाने पर निवेश और डिजिटल अर्थव्यवस्था ने वृद्धि में योगदान दिया है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि इसके अलावा, सुधारों पर ध्यान केंद्रित करने और कारोबार सुगमता ने भारतीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में मदद की है।

उन्होंने स्वच्छ ऊर्जा, नागरिक परमाणु साझेदारी, महत्वपूर्ण खनिज, बुनियादी ढांचा और पूंजी, विनिर्माण और प्रौद्योगिकी… विशेष रूप से कृत्रिम मेधा…के साथ ही खाद्य प्रसंस्करण और अन्य उभरते क्षेत्रों सहित संयुक्त आर्थिक सहयोग के प्रमुख क्षेत्रों का उल्लेख किया।

मोदी ने कहा कि कनाडाई पेंशन कोष ने 100 अरब डॉलर का निवेश किया है, जो भारतीय अर्थव्यवस्था में उनके मजबूत विश्वास को बताता है।

बुनियादी ढांचे के विकास का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार ने 2026-27 के बजट में 130 अरब अमेरिकी डॉलर का रिकॉर्ड आवंटन किया है।

भाषा रमण अजय

अजय


लेखक के बारे में