नांदेड़, 12 मार्च (भाषा) महाराष्ट्र के मराठवाड़ा क्षेत्र के नांदेड़ में लगभग 4,250 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से एक हेलिकॉप्टर विनिर्माण संयंत्र स्थापित किया जाएगा। भाजपा के राज्यसभा सदस्य अशोक चव्हाण ने बृहस्पतिवार को बताया कि इस परियोजना से करीब 1,800 से 2,000 प्रत्यक्ष रोजगार के अवसर तैयार होंगे।
चव्हाण ने आगे कहा कि इस संयंत्र में विनिर्माण, असेंबली और कलपुर्जों की सुविधाएं शामिल होंगी। यह परियोजना राज्य सरकार और रेटाविया प्राइवेट लिमिटेड के बीच हुए एक समझौते के तहत स्थापित की जाएगी।
उन्होंने कहा, ‘‘यह परियोजना इंजीनियरिंग सेवाओं के साथ ही हेलिकॉप्टर के रखरखाव और मरम्मत की सुविधाएं भी प्रदान करेगी। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने विधानसभा में इस परियोजना के बारे में घोषणा की है। यह परियोजना प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा शुरू की गई ‘मेक इन इंडिया’ और ‘विकसित भारत’ जैसी राष्ट्रीय पहल में योगदान देगी।’’
भाषा पाण्डेय अजय
अजय