बिहार के ऊर्जा क्षेत्र में हो रहा है 50 हजार करोड़ रुपये का निवेश : मंत्री
बिहार के ऊर्जा क्षेत्र में हो रहा है 50 हजार करोड़ रुपये का निवेश : मंत्री
पटना, चार फरवरी (भाषा) बिहार के ऊर्जा मंत्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव ने बुधवार को कहा कि वैश्विक गर्मी से बचाव में सौर ऊर्जा की महत्वपूर्ण भूमिका है और लखीसराय जिले के कजरा में स्थापित सौर ऊर्जा परियोजना से राज्य में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित होगी।
उन्होंने कहा कि कजरा सौर ऊर्जा परियोजना बिहार के ऊर्जा क्षेत्र को नई मजबूती देगी। यह परियोजना केवल बिजली उत्पादन तक सीमित नहीं है, बल्कि हरित ऊर्जा और भविष्य के लिए प्रेरणा का भी स्रोत है। मंत्री ने कहा कि इस दिशा में किया जा रहा निवेश और अपनाई जा रही नीतियां आने वाली पीढ़ियों के लिए सहूलियत और सुरक्षा सुनिश्चित करेंगी। इसके लिए ऊर्जा विभाग लगातार मेहनत कर रहा है।
यादव ने बताया कि वर्तमान में राज्य के ऊर्जा क्षेत्र में लगभग 50 हजार करोड़ रुपये का निवेश किया जा रहा है।
ऊर्जा मंत्री बिहार स्टेट पावर जेनरेशन कंपनी लिमिटेड द्वारा लखीसराय जिले के कजरा में स्थापित 185 मेगावाट सौर ऊर्जा सह 282 मेगावाट-घंटा बैटरी ऊर्जा भंडारण परियोजना से उत्पादित बिजली की आपूर्ति के लिए बिजली खरीद करार के अवसर पर बोल रहे थे।
ऊर्जा सचिव एवं बिहार स्टेट पावर होल्डिंग कंपनी लिमिटेड के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक मनोज कुमार सिंह ने कहा कि आज ऊर्जा विभाग के लिए एक महत्वपूर्ण पड़ाव है। उन्होंने कहा कि बिजली खरीद करार पर हस्ताक्षर के बाद परियोजना के व्यावसायिक संचालन का मार्ग प्रशस्त हो जाएगा।
उन्होंने पीरपैंती ताप बिजली संयंत्र का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड द्वारा आयोजित जनसुनवाई के दौरान करीब 3,500 लोगों ने संयंत्र के निर्माण का स्वागत करते हुए अपनी सहमति दी, जो अत्यंत महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक है। उन्होंने कहा कि शेष कार्यों को समय रहते नई ऊर्जा और संकल्प के साथ पूरा किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि लखीसराय जिले के कजरा में विकसित यह सौर ऊर्जा संयंत्र न केवल बिजली उत्पादन में वृद्धि करेगा, बल्कि बिहार को स्वच्छ, निर्बाध और निरंतर ऊर्जा उपलब्ध कराने वाले राज्य के रूप में स्थापित करने में भी अहम भूमिका निभाएगा। परियोजना के पहले चरण में 185 मेगावाट सौर ऊर्जा और 282 मेगावाट-घंटा बैटरी भंडारण क्षमता का कार्य अंतिम चरण में है।
भाषा कैलाश नोमान अजय
अजय

Facebook


