रुपया छह पैसे कमजोर होकर 94.51 प्रति डॉलर पर

रुपया छह पैसे कमजोर होकर 94.51 प्रति डॉलर पर

रुपया छह पैसे कमजोर होकर 94.51 प्रति डॉलर पर
Modified Date: June 29, 2026 / 09:28 pm IST
Published Date: June 29, 2026 9:28 pm IST

मुंबई, 29 जून (भाषा) अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में सोमवार को रुपया, अमेरिकी डॉलर के मुकाबले छह पैसे कमजोर होकर 94.51 पर बंद हुआ।

विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि कच्चे तेल की अनुकूल कीमतों और विदेशी निवेश प्रवाह में सुधार के कारण रुपये ने सकारात्मक शुरुआत की। हालांकि, अमेरिका-ईरान के बीच फिर से सैन्य संघर्ष के कारण निवेशकों की धारणा प्रभावित हुई जिससे घरेलू मुद्रा पर दबाव बना।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 94.36 प्रति डॉलर पर खुला। कारोबार के दौरान डॉलर के मुकाबले 94.25 से 94.56 के दायरे में रहा। अंत में यह 94.51 प्रति डॉलर पर बंद हुआ जो पिछले बंद भाव की तुलना में छह पैसे कम है।

रुपया बृहस्पतिवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 94.45 पर बंद हुआ था। मुहर्रम के कारण शुक्रवार को भारतीय शेयर, मुद्रा और जिंस बाजार बंद रहे थे।

मिराए एसेट शेयरखान में शोध विश्लेषक अनुज चौधरी ने कहा, ‘‘ अमेरिका और ईरान के बीच फिर से बढ़े तनाव की वजह से रुपया कमजोर हो सकता है। हालांकि, कच्चे तेल की कीमतों में नरमी और महंगाई को लेकर कम होती चिंताएं निचले स्तर पर रुपये को सहारा दे सकती हैं। डॉलर के मुकाबले रुपये का हाजिर भाव 94.20 से 94.80 के दायरे में रहने का अनुमान है।’’

इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.21 प्रतिशत की गिरावट के साथ 101.14 पर कारोबार कर रहा था।

अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 1.4 प्रतिशत की बढ़त के साथ 73.62 डॉलर प्रति बैरल के आसपास रहा।

ईरान के खिलाफ़ अमेरिका के नए हवाई हमलों के बाद, ईरान ने रविवार को फिर से बहरीन और कुवैत को निशाना बनाते हुए ड्रोन और मिसाइल हमले किए। ईरान ने धमकी दी है कि अगर अमेरिका ने हमले जारी रखे, तो युद्ध खत्म करने के लिए हो रही बातचीत को ‘पूरी तरह रोक’ दिया जाएगा।

घरेलू शेयर बाजारों में सेंसेक्स 372.10 अंक टूटकर 76,728.37 अंक पर जबकि निफ्टी 109.75 अंक की गिरावट के साथ 23,946.25 अंक पर रहा।

शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) बाजार में शुद्ध बिकवाल रहे और उन्होंने सोमवार को 1,350.1 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।

भाषा राजेश राजेश अजय

अजय


लेखक के बारे में