इजराइल, ईरान के बीच तनाव कम होने से बाजार में तेजी लौटी, सेंसक्स 394 अंक चढ़ा
इजराइल, ईरान के बीच तनाव कम होने से बाजार में तेजी लौटी, सेंसक्स 394 अंक चढ़ा
मुंबई, नौ जून (भाषा) स्थानीय शेयर बाजार में पिछले दो कारोबारी सत्रों से जारी गिरावट पर मंगलवार को विराम लगा और दोनों मानक सूचकांक बीएसई सेंसेक्स और एनएसई निफ्टी लाभ में रहे। इजराइल और ईरान के बीच तनाव कम होने और दुनिया के अन्य शेयर बाजारों में तेजी से सेंसक्स 394 अंक चढ़ा जबकि निफ्टी 119 अंक के लाभ में रहा।
बैंक शेयरों में तेजी और कच्चे तेल के दाम में नरमी से भी बाजार धारणा मजबूत हुई है।
तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 394.50 अंक यानी 0.54 प्रतिशत बढ़कर 73,918.76 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान, यह 511.15 अंक तक चढ़ गया था।
पचास शेयरों पर आधारित एनएसई निफ्टी 119.10 अंक यानी 0.52 प्रतिशत बढ़कर 23,242.10 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान मानक सूचकांक 156.4 अंक तक चढ़ गया था।
सेंसेक्स की कंपनियों में इंटरग्लोब एविएशन, भारतीय स्टेट बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, एक्सिस बैंक, बजाज फाइनेंस और एशियन पेंट्स प्रमुख रूप से लाभ में रहीं।
दूसरी तरफ, नुकसान में रहने वाले शेयरों में टाइटन, एनटीपीसी, पावर ग्रिड और टेक महिंद्रा शामिल हैं।
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 1.66 प्रतिशत टूटकर 92.69 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया।
एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की और चीन का शंघाई कम्पोजिट बढ़त के साथ बंद हुए। हांगकांग का हैंग सेंग गिरावट में रहा।
यूरोप के प्रमुख बाजारों में दोपहर के कारोबार में बढ़त का रुख था। अमेरिकी बाजार सोमवार को बढ़त के साथ बंद हुए थे।
ऑनलाइन ट्रेडिंग कंपनी ‘एनरिच मनी’ के मुख्य कार्यपालक अधिकारी पोनमुडी आर ने कहा, ‘‘इजराइल और ईरान के बीच तनाव कम होने से निवेशकों का भरोसा बढ़ा और जोखिम वाली संपत्ति में सुधार हुआ, जिससे भारतीय शेयर बाजार बढ़त के साथ बंद हुए।’’
उन्होंने कहा, ‘‘वैश्विक बाजारों में भी तेजी रही। इसका कारण वैश्विक स्तर पर जोखिम कम होना, तेल की कीमतों में नरमी और प्रौद्योगिकी तथा एआई क्षेत्र को लेकर नई उम्मीद है।’’
शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, सोमवार को विदेशी संस्थागत निवेशकों ने 5,555.67 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।
सेंसेक्स सोमवार को 719.08 अंक टूटा था जबकि निफ्टी में 243.70 अंक की गिरावट आई थी।
भाषा रमण अजय
अजय

Facebook


