यूआईडीएआई ने आधार ऐप के जरिये ईमेल जोड़ने की मुफ्त सुविधा शुरू की

यूआईडीएआई ने आधार ऐप के जरिये ईमेल जोड़ने की मुफ्त सुविधा शुरू की

यूआईडीएआई ने आधार ऐप के जरिये ईमेल जोड़ने की मुफ्त सुविधा शुरू की
Modified Date: July 3, 2026 / 04:58 pm IST
Published Date: July 3, 2026 4:58 pm IST

नयी दिल्ली, तीन जुलाई (भाषा) भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (यूआईडीएआई) ने आधार धारकों के लिए अपने नए आधार ऐप के जरिये बिना किसी केंद्र पर जाए ईमेल जोड़ने की मुफ्त सुविधा शुरू की है। शुक्रवार को जारी आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई।

बयान के अनुसार, यह सुविधा केवल आधार ऐप के माध्यम से उपलब्ध होगी। यह एक जुलाई, 2026 से अगले छह महीने तक मुफ्त रहेगी जिससे लोगों के लिए आधार संबंधी जानकारी को अद्यतन रखना आसान होगा।

इसमें कहा गया, ‘‘ भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (यूआईडीएआई) ने लोगों को आधार ऐप के जरिये सीधे अपने आधार में ईमेल आईडी जोड़ने या अद्यतन करने की सुविधा दी है। इसके लिए अब आधार केंद्र जाने की जरूरत नहीं होगी।’’

बयान के अनुसार, आधार ऐप पर यह नई सुविधा उपलब्ध होने के दो दिन के भीतर ही 2.5 लाख से अधिक लोगों ने अपना ईमेल पता आधार से जोड़ा है या उसमें बदलाव किया है।

इसमें कहा गया, ‘‘ आधार के साथ ईमेल लिंक होने पर आधार प्रमाणीकरण का अनुरोध किए जाने की स्थिति में वास्तविक समय (रियल-टाइम) में ईमेल के जरिये सूचना मिलती है। इससे पारदर्शिता बढ़ती है और आधार संख्या धारक को किसी भी उद्देश्य के लिए आधार के उपयोग की जानकारी मिलती रहती है, जिससे सुरक्षा की एक अतिरिक्त परत भी जुड़ती है।’’

आधार का नया मोबाइल ऐप शुरू होने के पांच महीने के भीतर 3.1 करोड़ से अधिक बार डाउनलोड किया जा चुका है।

अब तक 40 लाख से अधिक लोगों ने नए आधार ऐप के जरिये अपना मोबाइल नंबर अद्यतन किया है। वहीं, करीब 10 लाख लोगों ने इस ऐप का इस्तेमाल अपना पता अद्यतन करने के लिए किया है।

भाषा निहारिका अजय

अजय


लेखक के बारे में