छत्तीसगढ़ बोर्ड के 10वीं-12वीं कक्षा के परिणाम घोषित, लड़कियों ने फिर मारी बाजी

छत्तीसगढ़ बोर्ड के 10वीं-12वीं कक्षा के परिणाम घोषित, लड़कियों ने फिर मारी बाजी

छत्तीसगढ़ बोर्ड के 10वीं-12वीं कक्षा के परिणाम घोषित, लड़कियों ने फिर मारी बाजी
Modified Date: April 29, 2026 / 07:43 pm IST
Published Date: April 29, 2026 7:43 pm IST

रायपुर, 29 अप्रैल (भाषा) छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (सीजीबीएसई) ने बुधवार को 10वीं और 12वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षाओं के परिणाम घोषित किए, जिनमें लड़कियों ने लड़कों से बेहतर प्रदर्शन किया और कुल उत्तीर्ण प्रतिशत में पिछले वर्ष की तुलना में मामूली सुधार दर्ज किया गया।

सीजीबीएसई से मिली जानकारी के मुताबिक 12वीं कक्षा का कुल उत्तीर्ण प्रतिशत 83.04 रहा, जबकि 10वीं कक्षा का परिणाम 77.15 प्रतिशत रहा। दोनों कक्षा की परीक्षाओं में लड़कियों ने लड़कों से बेहतर प्रदर्शन किया। सीजीबीएसई के मुताबिक 12वीं कक्षा में लड़कियों का उत्तीर्ण प्रतिशत 86.04 और लड़कों का 78.86 रहा, जबकि 10वीं में लड़कियों का परिणाम 81.03 प्रतिशत और लड़कों का 72.27 प्रतिशत रहा।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने उपमुख्यमंत्री अरुण साव और स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव की मौजूदगी में परिणाम घोषित किए।

आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार 12वीं कक्षा (हायर सेकेंडरी) परीक्षा 2026 के लिए 2,46,166 विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया था, जिनमें से 2,44,453 विद्यार्थी (1,02,259 लड़के और 1,42,194 लड़कियां) परीक्षा में शामिल हुए। इनमें से 2,43,898 विद्यार्थियों का परिणाम घोषित किया गया, जिनमें 2,02,549 (83.04 प्रतिशत) उत्तीर्ण हुए।

सफल विद्यार्थियों में 1,27,334 (52.2 प्रतिशत) प्रथम श्रेणी, 72,402 (29.68 प्रतिशत) द्वितीय श्रेणी और 2,806 (1.15 प्रतिशत) तृतीय श्रेणी में उत्तीर्ण हुए, जबकि सात विद्यार्थियों को ‘पास श्रेणी’ मिली। वहीं, 23,866 विद्यार्थी एक या दो विषयों में अनुत्तीर्ण रहे।

विभिन्न कारणों से 63 विद्यार्थियों के परिणाम रोके गए, जिनमें अनुचित साधनों के पांच मामले शामिल हैं। इसके अलावा 492 आवेदन अयोग्यता के कारण निरस्त किए गए और दो विद्यार्थियों के परिणाम बाद में घोषित किए जाएंगे।

इसी तरह, 10वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षा 2026 के लिए 3,21,677 विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया था, जिनमें से 3,16,730 विद्यार्थी (1,40,402 लड़के और 1,76,328 लड़कियां) परीक्षा में शामिल हुए। इनमें से 3,14,953 विद्यार्थियों का परिणाम घोषित किया गया, जिनमें 2,43,016 (77.15 प्रतिशत) उत्तीर्ण हुए।

विज्ञप्ति के मुताबिक 10वीं कक्षा के सफल विद्यार्थियों में 1,40,108 (44.48 प्रतिशत) प्रथम श्रेणी, 96,721 (30.71 प्रतिशत) द्वितीय श्रेणी और 6,187 (1.96 प्रतिशत) तृतीय श्रेणी में उत्तीर्ण हुए। 19,347 विद्यार्थियों को कंपार्टमेंट श्रेणी में रखा गया।

सीजीबीएसई के मुताबिक 10वीं कक्षा में 161 विद्यार्थियों के परिणाम रोके गए, जिनमें अनुचित साधनों के 15 मामले शामिल हैं। 1,616 आवेदन अयोग्यता के कारण निरस्त किए गए, जबकि तीन विद्यार्थियों के परिणाम बाद में घोषित किए जाएंगे।

विज्ञप्ति के अनुसार, पिछले वर्ष की तुलना में 12वीं कक्षा का परिणाम 1.17 प्रतिशत अंक बढ़ा है, जबकि 10वीं कक्षा का परिणाम 0.62 प्रतिशत अंक सुधरा है।

बारहवीं कक्षा की अस्थायी मेरिट सूची में 43 विद्यार्थी और 10वीं में 42 विद्यार्थी शामिल हुए।

बलौदाबाजार जिले के पलारी स्थित सरस्वती शिशु मंदिर हायर सेकेंडरी स्कूल के जिज्ञासु वर्मा सेन ने 12वीं कक्षा में 98.60 प्रतिशत अंक के साथ पहला स्थान हासिल किया। बेमेतरा के स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट हिंदी माध्यम स्कूल के ओमनी वर्मा (98.20 प्रतिशत) दूसरे और रायगढ़ जिले के छाल स्थित शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के कृष्ण महंत (97.80 प्रतिशत) तीसरे स्थान पर रहे।

वहीं, 10वीं कक्षा में महासमुंद जिले के अर्जुन्दा स्थित एकलव्य इंग्लिश स्कूल की संध्या नायक, परीरानी प्रधान और मुंगेली जिले के लोरमी स्थित न्यू जेनरेशन पब्लिक हायर सेकेंडरी स्कूल के अंशुल शर्मा ने 99 प्रतिशत अंक के साथ संयुक्त रूप से पहला स्थान प्राप्त किया।

पांच विद्यार्थियों ने 98.83 प्रतिशत अंक के साथ दूसरा स्थान प्राप्त किया, जबकि रायपुर जिले के तरपोंगी स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की कल्पना यादव 98.67 प्रतिशत अंक के साथ तीसरे स्थान पर रहीं।

मुख्यमंत्री साय ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह परिणाम विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों की मेहनत, अनुशासन और समर्पण को दर्शाते हैं। उन्होंने कहा कि दूरस्थ और वन क्षेत्रों के विद्यार्थियों का मेरिट सूची में स्थान बनाना यह साबित करता है कि दृढ़ संकल्प और मेहनत से संसाधनों की कमी को भी दूर किया जा सकता है।

साय ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “इन परीक्षाओं में सफल सभी प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को हार्दिक बधाई और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए अनंत शुभकामनाएं। इस वर्ष हाई स्कूल में 77.15 प्रतिशत और हायर सेकेंडरी में 83.04 प्रतिशत विद्यार्थियों ने सफलता हासिल की है।”

मुख्यमंत्री ने कहा कि बेटियों ने एक बार फिर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है, जो उनके आत्मविश्वास और परिश्रम का प्रमाण है।

उन्होंने उन विद्यार्थियों को भी हिम्मत न हारने की सलाह दी

साय ने कहा, ”जिन विद्यार्थियों को इस बार अपेक्षित परिणाम प्राप्त नहीं हो पाया है, वे निराश न हों। आत्मविश्वास बनाए रखें और सकारात्मक सोच के साथ निरंतर प्रयास करते रहें। आपकी मेहनत और लगन निश्चित ही आपको सफल बनाएगी।”

भाषा

संजीव रवि कांत


लेखक के बारे में