छत्तीसगढ़ : मुख्यमंत्री साय ने जनसंपर्क अभियान के तहत अचानक जाशपुर के गांवों का दौरा किया

छत्तीसगढ़ : मुख्यमंत्री साय ने जनसंपर्क अभियान के तहत अचानक जाशपुर के गांवों का दौरा किया

छत्तीसगढ़ : मुख्यमंत्री साय ने जनसंपर्क अभियान के तहत अचानक जाशपुर के गांवों का दौरा किया
Modified Date: May 3, 2026 / 06:00 pm IST
Published Date: May 3, 2026 6:00 pm IST

जाशपुर, तीन (भाषा) छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रविवार को राज्य सरकार के ‘सुशासन तिहार 2026’ अभियान के तहत अपने गृह जिले जाशपुर के गांवों का अचानक दौरा किया और कल्याणकारी योजनाओं को लेकर लोगों से सीधी बातचीत की।

इस संबंध में एक सरकारी अधिकारी ने बताया कि साय ने पूर्व सूचना दिए बिना पथलगांव विकास खंड के भैंसमुदा और चंदागढ़ गांवों का दौरा किया तथा ग्रामीणों के साथ अनौपचारिक बातचीत की।

मुख्यमंत्री ने उनसे सरकारी योजनाओं के लाभों, उनके सामने आने वाली चुनौतियों और सेवा वितरण में मौजूद कमियों के बारे में पूछा, साथ ही अधिकारियों को मौके पर ही निर्देश भी जारी किए।

आधिकारिक विज्ञप्ति के मुताबिक, भैंसमुदा में मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बन रहे मकानों का औचक निरीक्षण किया।

इसमें कहा गया कि लाभार्थी अनुसुइया पेनकरा के निर्माणाधीन मकान को देखकर मुख्यमंत्री ने अपने काफिले को रोक दिया और मजदूरों तथा राजमिस्त्रियों से बातचीत करते हुए निर्माण कार्य की समीक्षा की।

विज्ञप्ति में कहा गया कि मुख्यमंत्री ने भी सीमेंट के गारे से ईंटी जोड़ी।

साय ने राजमिस्त्री मोहन चक्रेश से भी बात की, उसकी मजदूरी, रोजगार और पारिवारिक स्थिति के बारे में जानकारी ली और उसे सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रोत्साहित किया।

विज्ञप्ति के मुताबिक, चंदागढ़ में साय ‘लखपति दीदी’ सुमीला कोरवा द्वारा संचालित एक छोटी किराने की दुकान पर गए। कोरवा ने मुद्रा योजना के तहत एक लाख रुपये का कर्ज लेकर अपना काम शुरू किया है।

साय ने दुकान से सामान खरीदा और उसका भुगतान स्वयं किया। कोरवा ने बताया कि दुकान चलाने के अलावा, उनके परिवार के पास एक ट्रैक्टर और एक अन्य वाहन भी है, जिन्हें खेती और सामाजिक कार्यों के लिए किराए पर दिया जाता है।

मुख्यमंत्री ने चंदागढ़ के सरकारी प्राथमिक विद्यालय का भी औचक दौरा किया और इस दौरान बच्चों के साथ क्रिकेट खेला।

साय ने गांव के सरपंच रोशन प्रताप सिंह से भी बातचीत की और स्थानीय विकास कार्यों तथा बुनियादी ढांचे, शिक्षा और खेल में संतुलित प्रगति की समीक्षा की।

अधिकारियों ने बताया कि एक मई से 10 जून तक चलने वाले ‘सुशासन तिहार 2026’ अभियान का उद्देश्य जमीनी स्तर पर सरकारी योजनाओं के प्रभाव का आकलन करना और अंतिम छोर तक शासन की पहुंच सुनिश्चित करना है।

भाषा धीरज नेत्रपाल

नेत्रपाल


लेखक के बारे में