‘प्रेशर’ बम में विस्फोट, 10 वर्षीय बालक घायल

‘प्रेशर’ बम में विस्फोट, 10 वर्षीय बालक घायल

‘प्रेशर’ बम में विस्फोट, 10 वर्षीय बालक घायल
Modified Date: July 27, 2024 / 09:00 pm IST
Published Date: July 27, 2024 9:00 pm IST

बीजापुर, 27 जुलाई (भाषा) छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में ‘प्रेशर’ बम की चपेट में आने से 10 वर्ष का एक बालक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले के गंगालूर थानाक्षेत्र में पीड़िया गांव के करीब ‘प्रेशर’ बम की चपेट में आने से 10 वर्षीय हिड़मा कवासी गंभीर रूप से घायल हो गया।

उन्होंने बताया कि मुतवेंडी गांव निवासी हिड़मा बकरी चराने के लिए जंगल गया था और जब वह आज दोपहर पीड़िया गांव के पास था तब उसका पैर प्रेशर बम के उपर चला गया।

उनके अनुसार फलस्वरूप बम में विस्फोट हो गया और बालक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके हाथ और पैर में गंभीर चोट पहुंची है।

अधिकारियों ने बताया कि मुतवेंडी गांव स्थित केंद्रीय रिजर्व पुलिस के शिविर में बालक का प्राथमिक इलाज किया गया तथा बाद में उसे जिला अस्पताल भेज दिया गया।

बस्तर क्षेत्र के अंदरूनी इलाकों में गश्त कर रहे सुरक्षाकर्मियों को निशाना बनाने के लिए नक्सली अक्सर सड़कों और निर्माणाधीन सड़कों के किनारे तथा जंगल के कच्चे रास्तों पर ‘प्रेशर’ बम या बारूदी सुरंग लगा देते हैं।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बीजापुर समेत सात जिलों वाले इस क्षेत्र में पहले भी ऐसे विस्फोटों में नागरिक हताहत हुए हैं। पुलिस के अनुसार पिछले साढ़े तीन महीनों में बीजापुर जिले में अलग-अलग जगहों पर हुए बारूदी सुरंग विस्फोट की घटनाओं में पांच लोगों की मौत हो चुकी है।

भाषा सं संजीव

राजकुमार

राजकुमार


लेखक के बारे में