पुडुचेरी, पांच सितंबर (भाषा) केंद्रशासित प्रदेश पुडुचेरी में रविवार को कोविड-19 के 103 नए मामले सामने आए और एक मरीज की मौत हो गई। इसके साथ ही कुल संक्रमितों और मृतकों की संख्या बढ़कर क्रमश: 1,24,152 और 1,817 हो गई।
स्वास्थ्य विभाग के निदेशक जी श्रीरामुलु ने बताया कि पुडुचेरी में सबसे ज्यादा 54 नए मामले, इसके बाद कराइकल से 21, माहे से 15 और यानम से 13 मामले सामने आए। केंद्रशासित प्रदेश में 961 मरीजों का उपचार चल रहा है।
निदेशक ने बताया कि 78 और मरीजों के संक्रमण मुक्त होने के बाद कुल स्वस्थ हुए लोगों की संख्या बढ़कर 1,21,374 हो गई। उन्होंने बताया कि केंद्रशासित प्रदेश में अब तक 8.36 लाख लोगों को टीके की खुराक दी गई है।
भाषा स्नेहा दिलीप
दिलीप