आइजोल नगर निगम चुनाव के लिए 68 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया

आइजोल नगर निगम चुनाव के लिए 68 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया

आइजोल नगर निगम चुनाव के लिए 68 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया
Modified Date: March 26, 2026 / 01:13 pm IST
Published Date: March 26, 2026 1:13 pm IST

आइजोल, 26 मार्च (भाषा) आगामी आइजोल नगर निगम (एएमसी) चुनाव के लिए चार प्रमुख राजनीतिक दलों के कुल 68 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किए हैं जिनमें 28 महिलाएं शामिल हैं। निर्वाचन अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

आइजोल में 19 सदस्यीय नगर निगम के लिए मतदान 21 अप्रैल को होगा और मतगणना 27 अप्रैल को होगी।

अधिकारियों के अनुसार, सत्तारूढ़ जोरम पीपुल्स मूवमेंट (जेडपीएम), मुख्य विपक्षी दल मिजो नेशनल फ्रंट (एमएनएफ) और कांग्रेस ने 19-19 उम्मीदवार मैदान में उतारे हैं। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि बुधवार थी।

उन्होंने बताया कि भाजपा ने 11 उम्मीदवारों को नामांकित किया है।

उन्होंने कहा कि नामांकन पत्रों की जांच 27 मार्च को होगी और उम्मीदवारी वापस लेने की अंतिम तिथि 30 मार्च निर्धारित की गई है।

नगर निगम चुनाव में 1.28 लाख महिला मतदाताओं सहित 2.37 लाख से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने के पात्र हैं।

नगर निगम के अंतर्गत 19 वार्ड हैं, जिनमें से छह महिलाओं के लिए सुरक्षित हैं। शेष 13 वार्ड में पुरुष और महिला दोनों चुनाव लड़ सकते हैं।

फरवरी 2021 में हुए पिछले नगर निगम चुनाव में एमएनएफ ने 11 सीट जीतकर बहुमत हासिल किया था जबकि जेडपीएम ने छह सीट और कांग्रेस ने दो सीट पर जीत दर्ज की थी।

भाषा सुरभि वैभव

वैभव


लेखक के बारे में