टिहरी गढ़वाल में अंतरजातीय मित्रता के चलते एक दलित युवक की पीट-पीटकर हत्या

Ads

टिहरी गढ़वाल में अंतरजातीय मित्रता के चलते एक दलित युवक की पीट-पीटकर हत्या

  •  
  • Publish Date - June 9, 2026 / 12:49 AM IST,
    Updated On - June 9, 2026 / 12:49 AM IST

नयी टिहरी (उत्तराखंड), आठ जून (भाषा) उत्तराखंड के नयी टिहरी जिले के प्रताप नगर प्रखंड में ‘ऊंची जाति’ की एक नाबालिग लड़की से मित्रता करने पर 18 वर्षीय दलित युवक की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी गई और उसके दोस्त को गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि मृतक केतन लाल देवल गांव का निवासी था। उसके घायल दोस्त दिवाकर डिमरी को बौराड़ी स्थित जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

केतन के पिता धनपाल लाल द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, यह घटना रविवार रात को खोलगढ़ गांव में घटी।

बताया जा रहा है कि केतन की खोलगढ़ की एक लड़की से पिछले छह महीनों से दोस्ती थी।

रविवार रात करीब 11 बजे लड़की ने कथित तौर पर केतन को फोन किया और उसे अपने गांव आने के लिए कहा। इसके बाद केतन दिवाकर डिमरी के साथ खोलगढ़ गया।

पुलिस ने बताया कि जब वे दोनों वहां पहुंचे, तो लड़की के परिवार वालों ने उन्हें एक कमरे में बंद कर दिया और लाठियों से उनकी पिटाई की।

सोमवार की सुबह लड़की के पिता ने धनपाल लाल को फोन करके उसके बेटे की हालत के बारे में बताया और उसे वापस ले जाने के लिए कहा।

धनपाल ने अपने बेटे को खून से लथपथ पाया और उसे चौंड लांबगांव के एक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ले गए, जहां पुलिस के अनुसार उसकी मृत्यु हो गई।

आक्रोशित स्थानीय लोगों और परिवार ने पहले तो अस्पताल से शव लेने से इनकार कर दिया और फिर हमलावरों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की।

टिहरी गढ़वाल की वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे ने बताया कि हत्या और अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की धारा के तहत मामला दर्ज किया गया है।

एसएसपी ने आगे बताया कि पुलिस ने एक आरोपी यशवीर सिंह पंवार को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।

भाषा संतोष रवि कांत