हिंडन नदी में पशु अवशेष ‘फेंकने’ के आरोप में मदरसे से जुड़े व्यक्ति को हिरासत में लिया गया

Ads

हिंडन नदी में पशु अवशेष ‘फेंकने’ के आरोप में मदरसे से जुड़े व्यक्ति को हिरासत में लिया गया

  •  
  • Publish Date - May 24, 2026 / 09:27 PM IST,
    Updated On - May 24, 2026 / 09:27 PM IST

लखनऊ/गाजियाबाद, 24 मई (भाषा) हिंडन नदी में कथित तौर पर पशु अवशेष फेंके जाने के मामले में पुलिस ने रविवार को एक व्यक्ति को हिरासत में लिया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

गाजियाबाद की महापौर सुनीता दयाल ने दावा किया था कि उन्होंने दो बच्चों को पकड़ा, जो कथित रूप से “गौमांस” हिंडन नदी में फेंकने जा रहे थे।

इंदिरापुरम के सहायक पुलिस आयुक्त अभिषेक श्रीवास्तव ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि पुलिस ने पशु अवशेषों को कब्जे में लेकर उनके नमूने जांच के लिए भेज दिए हैं।

उन्होंने बताया कि इस मामले में एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है। अधिकारी के अनुसार, हिरासत में लिया गया व्यक्ति जुबैर स्थानीय मदरसे से जुड़ा हुआ है और उसी ने कथित तौर पर दो लड़कों को मांस फेंकने के लिए भेजा था।

सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए एक वीडियो में महापौर सुनीता दयाल ने कहा, “आज मैं हिंडन नदी के पुल से गुजर रही थी। वहां बाईं ओर कूड़े का ढेर दिखा। मैं सोचने लगी कि यहां कूड़ा कौन फेंक रहा है। तभी मैंने दो बच्चों को एक कट्टा लाते हुए देखा। जब मैंने उनसे पूछा कि वे यहां क्यों आए हैं, तो उन्होंने बताया कि वे कट्टा हिंडन में फेंकने आए हैं। जब कट्टे की जांच की गई, तो उसमें गाय का मांस मिला। बच्चों ने भी कहा कि कट्टे में गाय का मांस है।”

महापौर ने कहा कि मौके पर भीड़ जमा हो गई और लोगों ने शिकायत की कि अक्सर सड़क किनारे या नदी में कचरा और पशु अवशेष फेंके जाते हैं।

दयाल ने कहा, “उन्होंने हिंडन नदी को अपवित्र कर दिया है और यह एक जघन्य अपराध है।”

साथ ही उन्होंने बताया कि इस मामले में मदरसा संचालकों को भी बुलाया गया है और पुलिस को सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

भाषा सं सलीम जोहेब

जोहेब