आम आदमी पार्टी ने राघव चड्ढा पर संसद में अहम मुद्दों से बचने का आरोप लगाया
आम आदमी पार्टी ने राघव चड्ढा पर संसद में अहम मुद्दों से बचने का आरोप लगाया
नयी दिल्ली, तीन अप्रैल (भाषा) आम आदमी पार्टी ने शुक्रवार को पार्टी सांसद राघव चड्ढा पर पलटवार करते हुए उन पर संसद में केंद्र सरकार के खिलाफ मुद्दे उठाने से कतराने का आरोप लगाया।
आम आदमी पार्टी (आप) की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने आरोप लगाया कि चड्ढा संसद में कई मामलों में पार्टी के अनुसार नहीं चल रहे थे और प्रमुख मुद्दों पर विपक्ष के बहिर्गमन में शामिल नहीं हुए।
भारद्वाज ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किए गए एक वीडियो में कहा, ‘‘हम सब अरविंद केजरीवाल के सिपाही हैं। देश के सामने कई बड़े मुद्दे हैं, ऐसे में जरूरी है कि समोसों की बात करने या कोई अन्य बात करने के बजाए अहम मुद्दे उठाए जाएं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘जब भी विपक्ष ने संसद से बहिर्गमन किया, आप (चड्ढा) उसमें शामिल नहीं हुए। आपने पंजाब से जुड़े मुद्दे नहीं उठाए, जहां से आप चुने गए हैं और जब दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार किया गया था तब आप विदेश में छिपे रहे।’’
‘आप’ के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनुराग ढांडा ने भी चड्ढा की आलोचना करते हुए सवाल उठाया कि क्या कोई ऐसा व्यक्ति जो प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से ‘‘डरता’’ है, देश के लिए लड़ सकता है।
ढांडा ने ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘पश्चिम बंगाल में मतदान का अधिकार छीना जा रहा है। जब सदन में मुख्य निर्वाचन आयुक्त के खिलाफ एक प्रस्ताव आया तो आपने (चड्ढा) उस पर हस्ताक्षर करने से इनकार कर दिया।’’
ढांडा ने कहा, ‘‘संसद में हमें बोलने के लिए सीमित समय मिलता है और इसका उपयोग या तो राष्ट्र के लिए लड़ने के लिए किया जा सकता है या हवाई अड्डे की कैंटीन में सस्ते समोसे जैसे तुच्छ मामलों पर चर्चा करने के लिए।’’
उन्होंने कहा कि चड्ढा पिछले कुछ वर्षों से ‘वास्तविक मुद्दों’ पर बोलने में हिचकिचा रहे हैं।
पार्टी नेताओं का यह बयान ऐसे वक्त आया है जब राज्यसभा में आम आदमी पार्टी (आप) के उपनेता पद से हटाए जाने के एक दिन बाद चड्ढा ने शुक्रवार को कहा कि ‘‘मेरी खामोशी को मेरी हार मत समझ लेना’’।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उनकी अपनी ही पार्टी ने कहा है कि उन्हें सदन में बोलने का मौका नहीं दिया जाए।
भाषा शोभना वैभव
वैभव

Facebook


