आम आदमी पार्टी ने असम विधानसभा चुनाव के लिए 14 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की
आम आदमी पार्टी ने असम विधानसभा चुनाव के लिए 14 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की
गुवाहाटी, 15 मार्च (भाषा) आम आदमी पार्टी ने रविवार को नौ अप्रैल को होने वाले असम विधानसभा चुनावों के लिए अपने राज्य उपाध्यक्ष अनुरुपा डेकाराजा सहित 14 उम्मीदवारों की पहली सूची की घोषणा की।
सूची में शामिल सभी निर्वाचन क्षेत्र ब्रह्मपुत्र घाटी में स्थित हैं।
डेकाराजा गुवाहाटी सेंट्रल सीट से और रेणुका तिमुंगपी बोकाजान से चुनाव लड़ेंगी।
आप के राज्य प्रभारी राजेश शर्मा द्वारा जारी सूची में नामित अन्य उम्मीदवारों में अच्युत दास (नाओबोइचा), तपन गोगोई (शिवसागर), जाहिदुल इस्लाम खान (चेंगा), रंजीत बोरो (नदुआ), पल्लव सैकिया (टीटाबोर) और जिन्ना आमीर हुसैन (पूर्वी गोलपारा) शामिल हैं।
असम विधानसभा में अभी तक अपना खाता भी नहीं खोल पाने वाली आम आदमी पार्टी यहां किसी अन्य विपक्षी दल के साथ गठबंधन किए बिना चुनाव लड़ेगी।
वर्तमान में 126 सदस्यीय विधानसभा में सत्तारूढ़ भाजपा की ताकत 64 है, जबकि उसके सहयोगी असम गण परिषद (एजीपी) के पास नौ विधायक, यूनाइटेड पीपुल्स पार्टी लिबरल (यूपीपीएल) के पास सात और बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (बीपीएफ) के पास तीन सदस्य हैं।
विपक्ष में कांग्रेस के 26 विधायक, ऑल इंडिया यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (एआईयूडीएफ) के 15 सदस्य और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) (माकपा) का एक विधायक है। एक निर्दलीय विधायक भी है।
राज्य में मतगणना चार मई को होगी।
भाषा तान्या नरेश
नरेश

Facebook


