आंध्र प्रदेश हिरासत मौत मामले में दो हेड-कांस्टेबल गिरफ्तार
आंध्र प्रदेश हिरासत मौत मामले में दो हेड-कांस्टेबल गिरफ्तार
विजयवाड़ा, 29 जुलाई (भाषा) आंध्र प्रदेश पुलिस ने गडे साई कृष्णा नामक युवक की हिरासत में हुई मौत और उसके गुपचुप अंतिम संस्कार में कथित रूप से संलिप्त होने के मामले में सोमवार को राज्य पुलिस के दो हेड-कांस्टेबल अशोक कुमार और जंगम नानी को गिरफ्तार कर लिया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
पुलिस हिरासत में कथित हत्या की घटना से पूरे आंध्र प्रदेश में आक्रोश फैल गया है।
साई कृष्णा (24) की मां ने आरोप लगाया है कि कृष्णा लंका पुलिस के पूर्व निरीक्षक एसएसवीवी नागराजू ने उनके बेटे को यातना देकर मार डाला और परिवार को बताए बिना गोपनीय तरीके से उसका अंतिम संस्कार कर दिया।
इस मामले को लेकर फैले आक्रोश के बाद पुलिस ने 19 जून को मामले में हत्या सहित अन्य संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की और 23 जून को नागराजू को गिरफ्तार किया।
अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘हमने हेड-कांस्टेबल अशोक कुमार और जंगम नानी को गिरफ्तार किया है और सच जानने के लिए उनसे पूछताछ करेंगे।’’
उन्होंने बताया कि मामले की जांच करने के लिए गठित विशेष जांच टीम (एसआईटी) घटनाओं की कड़ियों को जोड़ने का प्रयास कर रही है, जिसमें कथित तौर पर स्थानीय श्मशान घाट और बस अड्डे से मिले सुराग भी शामिल हैं।
अधिकारी ने कहा कि मामले में आरोपी और नागराजू का दोस्त सुरेश फरार है, जबकि मामले की जांच के लिए गठित एसआईटी मंगलवार को विजयवाड़ा की स्थानीय अदालत में गिरफ्तार पुलिस निरीक्षक को पूछताछ के लिए हिरासत में देने का अनुरोध कर सकती है।
अधिकारी ने बताया कि आंध्र प्रदेश उच्च न्यायालय ने सोमवार को साई कृष्णा से संबंधित बंदी प्रत्यक्षीकरण याचिका पर सुनवाई नहीं की और मामले को 15 जुलाई तक के लिए स्थगित कर दिया।
भाषा धीरज नेत्रपाल
नेत्रपाल

Facebook


