कोलकाता में अवैध ढांचों के खिलाफ अतिक्रमण रोधी अभियान

Ads

कोलकाता में अवैध ढांचों के खिलाफ अतिक्रमण रोधी अभियान

  •  
  • Publish Date - May 24, 2026 / 03:43 PM IST,
    Updated On - May 24, 2026 / 03:43 PM IST

कोलकाता, 24 मई (भाषा) कोलकाता नगर निगम (केएमसी) ने रविवार को तिलजाला, कस्बा और बेलेघाटा सहित शहर के कई हिस्सों में कथित अवैध ढांचों के खिलाफ बड़े पैमाने पर अतिक्रमण रोधी अभियान शुरू किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि केएमसी ने भारी पुलिस बल की मौजूदगी में उन ढांचों को ध्वस्त किया, जो नगर नगम के नियमों का कथित रूप से उल्लंघन कर बनाए गए थे।

नगर निगम के अधिकारी तिलजाला के वार्ड-66 में पहुंचे और कड़ी सुरक्षा के बीच इमारतों के अनाधिकृत हिस्सों को ध्वस्त करना शुरू कर दिया। इस वार्ड का प्रतिनिधित्व तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ विधायक जावेद खान के बेटे फैयाज अहमद खान करते हैं।

अधिकारियों ने बताया कि इसी तरह का अभियान बेलेघाटा पुलिस थाना क्षेत्र में ईस्ट कुरिया रोड पर भी चलाया गया, जहां तृणमूल कांग्रेस के स्थानीय नेता राजू नस्कर से कथित तौर पर जुड़ी एक इमारत को ध्वस्त कर दिया गया।

केएमसी के एक अधिकारी ने बताया, ‘‘21 मई को मकान मालिक को नोटिस जारी कर 48 घंटों के भीतर संबंधित भवन दस्तावेज पेश करने के लिए कहा गया था। मकान मालिक की ओर से कोई जवाब नहीं मिलने पर आज अतिक्रमण रोधी दल ने कार्रवाई शुरू कर दी।’’

अधिकारी ने कहा कि श्रमिकों ने पहले हथौड़ों और कुल्हाड़ियों का इस्तेमाल करके ढांचे के कुछ हिस्सों को हाथ से तोड़ा, जिसके बाद बड़े हिस्सों को गिराने के लिए बुलडोजर की मदद ली गई।

यह कार्रवाई तिलजाला में एक अवैध कारखाने में आग लगने की घटना के बाद की गई, जिसमें दो लोगों की जान चली गई थी।

इस बीच, भूमि घोटाले के आरोपी ‘सोना पप्पू’ से जुड़े कस्बा इलाके के कुछ हिस्सों में भी ध्वस्तीकरण अभियान चलाया गया। आरोप है कि वहां बिना अनुमति के पांच मंजिला इमारत का निर्माण किया गया था।

पश्चिम बंगाल की शहरी विकास मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने कस्बा का दौरा किया और अभियान की निगरानी कर रहे नगर निगम के अधिकारियों और पुलिस कर्मियों से बातचीत की।

पॉल ने आरोप लगाया, ‘‘पिछली सरकार के दौरान भ्रष्टाचार बेरोक-टोक फलता-फूलता रहा। नगर निगम के अधिकारियों की जानकारी और प्रभावशाली नेताओं के संरक्षण में पैसों के बदले अवैध निर्माण किए गए।’’

उन्होंने कहा, ‘‘अगर पुलिस कार्रवाई करना भी चाहती, तब भी वह ज्यादा कुछ नहीं कर सकती थी। अवैध निर्माण में शामिल सभी लोगों के साथ-साथ ऐसी अनियमितताओं को बढ़ावा देने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।’’

पॉल ने नगर निगम के अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि ध्वस्तीकरण की प्रक्रिया के दौरान आस-पास की आवासीय इमारतों को कोई नुकसान न पहुंचे।

भाषा सुरभि पारुल

पारुल