अरुणाचल प्रदेश योजनाओं के बारे में जानकारी आदिवासी भाषाओं में डिजिटल रूप से प्रसारित करेगा:मंत्री
अरुणाचल प्रदेश योजनाओं के बारे में जानकारी आदिवासी भाषाओं में डिजिटल रूप से प्रसारित करेगा:मंत्री
(उत्पल बोरा)
ईटानगर, 15 मार्च (भाषा) अरुणाचल प्रदेश के ग्रामीण विकास और पंचायती राज मंत्री ओजिंग तासिंग का कहना है कि राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को योजनाओं को बेहतर ढंग से समझने में मदद और जमीनी स्तर के प्रशासन को मजबूत करने के लिए जानकारी स्थानीय भाषाओं में डिजिटल रूप से प्रसारित करने पर काम कर रही है।
मंत्री ने कहा कि सरकार गांवों में डिजिटल स्क्रीन लगाने और पंचायत स्तर के प्रतिनिधियों को उन्हें संचालित करने का प्रशिक्षण देने की योजना बना रही है। साथ ही जमीनी स्तर पर प्रशासनिक कामकाज की निगरानी के लिए एक व्यापक ऑनलाइन प्रणाली शुरू करने की भी योजना है।
तासिंग ने ‘पीटीआई-भाषा’ के साथ साक्षात्कार में कहा, ‘‘हम एक ऐसी प्रणाली विकसित करने का प्रयास कर रहे हैं, जिसके माध्यम से ग्रामीण सरकारी योजनाओं को आसानी से समझ सकें। अरुणाचल प्रदेश में 26 प्रमुख जनजातियां हैं और जब आप गांवों में जाते हैं, तो बहुत से लोग अंग्रेजी या हिंदी ठीक से नहीं समझते हैं। हम सूचना को ऐसे प्रारूप में परिवर्तित करने के तरीकों की खोज कर रहे हैं, जिसे लोग आसानी से समझ सकें।’’
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पेमा खांडू के साथ चर्चा किए गए इस प्रस्ताव को पहले दो या तीन जनजातियों को ध्यान में रखते हुए एक पायलट परियोजना के रूप में लागू किया जा सकता है, जिसके बाद इसे पूरे राज्य में विस्तारित किया जाएगा।
मंत्री के अनुसार, चूंकि राज्य में कई आदिवासी भाषाओं की कोई मानक लिपि नहीं है, इसलिए प्रस्तावित प्रणाली स्थानीय भाषाओं को दर्शाने के लिए रोमन लिपि का उपयोग कर सकती है, ताकि योजनाओं के बारे में जानकारी अधिक प्रभावी ढंग से प्रसारित की जा सके।
भाषा शफीक दिलीप
दिलीप

Facebook


