अंबाला, नौ जून (भाषा) आम आदमी पार्टी (आप) के संयोजक अरविंद केजरीवाल, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और दिल्ली की विधायक आतिशी ने मंगलवार को पार्टी के गोवा मामलों के प्रभारी दीपक सिंगला से मुलाकात की, जो करोड़ों रुपये के धनशोधन मामले में अंबाला केंद्रीय जेल में बंद हैं।
आप सूत्रों ने बताया कि जेल परिसर में पुलिस तैनाती के बीच उनकी यह मुलाकात करीब आधे घंटे चली।
मुलाकात के बाद मान ने मीडिया से बात करते हुए सिंगला की गिरफ्तारी की निंदा की और इसे राजनीति से प्रेरित कृत्य बताया।
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने ‘ओरिएंटल बैंक ऑफ कॉमर्स’ में 150 करोड़ रुपये के घोटाले से संबंधित कथित करोड़ों रुपये के धनशोधन मामले में सिंगला को 18 मई को गिरफ्तार किया था।
यह गिरफ्तारी दिल्ली और गोवा में सिंगला एवं कई हवाला संचालकों के परिसरों पर समन्वित तलाशी के बाद हुई।
सिंगला को दो साल में दूसरी बार संघीय एजेंसी की कार्रवाई का सामना करना पड़ा है। ईडी ने 2024 में भी उनके घर पर छापा मारा था।
भाषा
राजकुमार पवनेश
पवनेश