(तस्वीरों के साथ)
गुवाहाटी, नौ जून (भाषा) भारत में यूरोपीय संघ (ईयू) के राजदूत हर्वा डेलफिन ने मंगलवार को दावा किया कि असम भारत के भूगोल के छोर पर नहीं है, बल्कि यह पूर्वोत्तर राज्य देश की अर्थव्यवस्था के केंद्र में आ रहा है।
यूरोपीय संघ के प्रतिनिधिमंडल के असम के उच्च स्तरीय दौरे के दूसरे दिन यहां एक पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए डेलफिन ने कहा कि यूरोपीय संघ पूर्वोत्तर क्षेत्र, विशेषकर असम के विकास में सहयोग और भागीदारी करता रहा है।
उन्होंने कहा, ‘असम भारतीय भूगोल की परिधि पर नहीं, बल्कि यह देश की अर्थव्यवस्था के केंद्र की ओर बढ़ रहा है।’
डेलफिन ने कहा कि असम की जो सबसे अनूठी बात है, वह है ‘यहां की प्राकृतिक संपदा, यहां के लोगों की योग्यता… उनकी प्रतिभा, अतिथि सत्कार और राज्य के विकास के लिए अविश्वसनीय नेतृत्व। यही सब बातें असम को यूरोपीय व्यापार के लिए सबसे पसंदीदा स्थल बनाती हैं।’
भाषा सुमित माधव
माधव