असम : राजनीतिक दलों ने नौ अप्रैल के चुनाव के लिए कमर कसी

असम : राजनीतिक दलों ने नौ अप्रैल के चुनाव के लिए कमर कसी

असम : राजनीतिक दलों ने नौ अप्रैल के चुनाव के लिए कमर कसी
Modified Date: March 15, 2026 / 08:39 pm IST
Published Date: March 15, 2026 8:39 pm IST

गुवाहाटी, 15 मार्च (भाषा) असम में विभिन्न राजनीतिक दलों ने रविवार को कहा कि वे नौ अप्रैल को होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए पूरी तरह से तैयार हैं। इसके साथ ही विपक्ष ने निर्वाचन आयोग से स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने का आग्रह किया।

राज्य में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ प्रवक्ता रूपम गोस्वामी ने दावा किया कि जनता पहले ही अपना फैसला कर चुकी है और पार्टी को भरोसा है कि वह राज्य में लगातार तीसरी बार सरकार बनाएगी।

उन्होंने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘एक पार्टी के रूप में, भाजपा किसी भी चुनाव का सामना करने के लिए हमेशा तैयार है। हमारी तैयारियां पूरी हैं। उम्मीदवारों की सूची भी जल्द ही घोषित की जाएगी।’’

गोस्वामी ने कहा कि मतदाताओं ने भी यह तय कर लिया है कि वे किसे समर्थन देंगे, और इस मामले में सत्तारूढ़ भाजपा के नेतृत्व वाला गठबंधन विपक्ष से काफी आगे है।

उन्होंने कहा, ‘‘लोगों को पता है कि किसे वोट देना है। यह भी अच्छी बात है कि बोहाग बिहू से पहले चुनाव समाप्त हो जाएंगे और सभी असमिया नववर्ष मना सकेंगे।’’

प्रदेश कांग्रेस के मीडिया प्रमुख बेदब्रत बोरा ने कहा कि पार्टी चुनावों के लिए पूरी तरह से तैयार है।

उन्होंने कहा, ‘‘हमें पहले से ही अंदाजा था कि अप्रैल की पहली तिमाही में एक ही चरण में चुनाव होंगे। हमारी तैयारियां उसी दिशा में चल रही थीं और हम इसके लिए तैयार हैं।’’

बोरा ने कहा, ‘‘इसीलिए हमारी पार्टी के उम्मीदवारों की दो सूचियां पहले ही आ चुकी हैं।’’

कांग्रेस नेता ने कहा कि निर्वाचन आयोग को स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित कराना चाहिए।

विपक्षी ऑल इंडिया यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (एआईयूडीएफ) के प्रमुख बदरुद्दीन अजमल ने भी स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनावों की आवश्यकता पर जोर दिया।

उन्होंने कहा, ‘‘हमारी पार्टी चुनाव के लिए तैयार है। लेकिन निर्वाचन आयोग को यह सुनिश्चित करना होगा कि चुनाव स्वतंत्र और निष्पक्ष हो, और कोई ‘वोट चोरी’ न हो।’’

अजमल ने युवाओं से बाहर आकर मतदान करने और नयी सरकार का चुनाव करने का भी आग्रह किया।

असम जातीय परिषद (अजाप) ने आरोप लगाया कि राज्य में पूरी चुनाव प्रक्रिया को महज तीन सप्ताह में पूरा करने का निर्णय प्रभावी रूप से सत्तारूढ़ भाजपा को लाभ पहुंचाता है।

अजाप के अध्यक्ष लुरिंज्योति गोगोई और महासचिव जगदीश भुयां ने यहां आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि ‘‘सत्तारूढ़ पार्टी के पास प्रचुर मात्रा में वित्तीय संसाधन और सरकारी तंत्र पर नियंत्रण है, जिससे वह राज्य भर में व्यापक चुनाव अभियान चलाने में सक्षम है, जिसमें व्यापक यात्रा के लिए हेलीकॉप्टर का उपयोग भी शामिल है।’’

भाषा धीरज नेत्रपाल

नेत्रपाल


लेखक के बारे में