बदरीनाथ के निकट हिमस्खलन से कंचन गंगा प्रभावित, कोई हताहत नहीं
बदरीनाथ के निकट हिमस्खलन से कंचन गंगा प्रभावित, कोई हताहत नहीं
गोपेश्वर, 24 मई (भाषा) उत्तराखंड के चमोली जिले के बदरीनाथ धाम के पास रविवार सुबह कुबेर भंडार शिखर से हिमस्खलन हुआ, जिससे कंचन गंगा का ऊपरी जलग्रहण क्षेत्र प्रभावित हुआ है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि बदरीनाथ मंदिर से लगभग दो किलोमीटर आगे हुई इस घटना में जान-माल की हानि नहीं हुई।
अधिकारियों ने कहा कि हिमस्खलन से बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर कोई व्यवधान नहीं हुआ और बर्फ से ढकी चोटियों के आसपास ऐसी घटनाओं को ‘‘सामान्य प्राकृतिक घटनाएं’’ बताया।
चमोली के जिलाधिकारी गौरव कुमार ने कहा, ‘‘यह एक प्राकृतिक प्रक्रिया है और ऐसी घटनाएं समय-समय पर घटित होती रहती हैं।’’
कुमार ने कहा कि हिमस्खलन मुख्य सड़क तक नहीं पहुंचा, क्योंकि बर्फ का विशाल ढेर घाटी क्षेत्र के भीतर ही रुक गया था। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में यातायात और दैनिक जीवन पूरी तरह से अप्रभावित रहा।
जिलाधिकारी ने जनता से सोशल मीडिया और अन्य मंचों पर फैलाई जा रही अफवाहों को नजरअंदाज करने का आग्रह किया, साथ ही नागरिकों को प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करने की सलाह दी।
कुमार ने कहा, ‘‘जिला प्रशासन लगातार इलाके की निगरानी कर रहा है।’’
भाषा धीरज संतोष
संतोष

Facebook


