फरीदाबाद में बांग्लादेशी छात्र ने आत्महत्या की

Ads

फरीदाबाद में बांग्लादेशी छात्र ने आत्महत्या की

  •  
  • Publish Date - May 24, 2026 / 07:45 PM IST,
    Updated On - May 24, 2026 / 07:45 PM IST

फरीदाबाद, 24 मई (भाषा) बांग्लादेश के एक छात्र ने फरीदाबाद में सूरजकुंड-फरीदाबाद रोड स्थित एक निजी इंजीनियरिंग कॉलेज के छात्रावास में पंखे से फंदा लगाकर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि शुरुआती जांच किसी प्रेम संबंध की ओर इशारा कर रही है। हालांकि मामले की जांच अभी जारी है।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान मुश्ताक के रूप में हुई है, जो बांग्लादेश का नागरिक था।

इसने बताया कि वह कॉलेज में इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहा था और छात्रावास की दूसरी मंजिल पर एक अन्य छात्र के साथ रहता था।

पुलिस ने बताया कि घटना शनिवार देर शाम की है, जब उसके साथ कमरे में रहने वाला साथी बाहर गया हुआ था। लौटने पर उसने मुश्ताक को पंखे से लटका देखा।

इसके बाद उसने और अन्य छात्रों ने तुरंत उसे नीचे उतारा और एक निजी अस्पताल ले गए, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए शवगृह ले जाया गया।

पुलिस ने कहा, ‘‘हमने मृतक के परिजनों और बांग्लादेश दूतावास को घटना की जानकारी दे दी है। परिजनों के पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम कराया जाएगा।’’

भाषा गोला देवेंद्र

देवेंद्र