बंगाल के मुख्यमंत्री ने भड़काऊ बयानों को लेकर एजेयूपी के संस्थापक हुमायूं कबीर की आलोचना की
बंगाल के मुख्यमंत्री ने भड़काऊ बयानों को लेकर एजेयूपी के संस्थापक हुमायूं कबीर की आलोचना की
कोलकाता, 29 जून (भाषा) पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने सोमवार को विधानसभा में कहा कि भाजपा सरकार राज्य में कानून का राज स्थापित करेगी। उन्होंने आम जनता उन्नयन पार्टी (एजेयूपी) के विधायक हुमायूं कबीर पर रेजीनगर विधानसभा सीट के उपचुनाव में मतदाताओं का ध्रुवीकरण करने के उद्देश्य से भड़काऊ बयान देने का आरोप लगाया।
शुभेंदु ने कहा कि मुर्शिदाबाद जिले में दो हालिया जन सभाओं में मुख्यमंत्री और सरकारी तंत्र के खिलाफ हुमायूं कबीर द्वारा की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों के संबंध में उनके विरुद्ध दो आपराधिक मामले दर्ज किये गए हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस कानून के अनुसार कार्रवाई करेगी।
हुमायूं कबीर ने 2026 के विधानसभा चुनाव में मुर्शिदाबाद जिले की नौदा और रेजीनगर, दोनों विधानसभा सीटों से जीत दर्ज की थी। बाद में, उन्होंने नौदा से विधायक पद की शपथ ली, जिसके चलते रेजीनगर सीट पर उपचुनाव कराने की जरूरत पड़ी।
शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि यह स्पष्ट है कि विधानसभा चुनाव में दो सीटों से जीतने और बाद में उनमें से एक सीट छोड़ने वाले कबीर ‘‘अपने बेटे के रेजीनगर विधानसभा उपचुनाव लड़ने की संभावना को ध्यान में रखते हुए मतदाताओं का ध्रुवीकरण करने के लिए भड़काऊ बयान दे रहे हैं।’’
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन लोगों ने हुमायूं कबीर को इन जन सभाओं में भाषण देने के लिए आमंत्रित किया था, उनके खिलाफ पहले कार्रवाई की जाएगी और उसके बाद विधायक के विरुद्ध कानून के अनुसार कदम उठाए जाएंगे।
उन्होंने कहा, ‘‘सरकार कानून का राज स्थापित करेगी।’’ उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ‘‘पूर्ववर्ती ममता बनर्जी सरकार की तरह कमजोर नहीं है।’’
भाषा गोला सुभाष
सुभाष

Facebook


