जनकपुरी में बाइक सवार की मौत: दिल्ली जल बोर्ड ने सभी निर्माण स्थलों के निरीक्षण के निर्देश दिए
जनकपुरी में बाइक सवार की मौत: दिल्ली जल बोर्ड ने सभी निर्माण स्थलों के निरीक्षण के निर्देश दिए
नयी दिल्ली, सात फरवरी (भाषा) दिल्ली सरकार ने जल बोर्ड के इंजीनियरों को सभी निर्माणाधीन स्थलों का दौरा करने और शनिवार शाम तक सुधारात्मक उपाय करने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि ये निर्देश 25 वर्षीय बाइकर कमल ध्यानी की शुक्रवार सुबह जनकपुरी इलाके में निर्माण कार्य के लिए दिल्ली जल बोर्ड द्वारा खोदे गए गड्ढे में गिरने से हुई मौत के बाद जारी किए गए हैं।
दिल्ली जल बोर्ड के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘‘स्थलों का दौरा जारी है, इंजीनियरों को निर्देश दिया गया है कि वे सभी निर्माणाधीन स्थलों पर शाम तक कमियों की पहचान करें और सुधारात्मक उपाय करें।’’
सरकार के एक अन्य वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, पीड़ित परिवार को जल्द 10 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दिए जाने की संभावना है।
परिवार ने जल बोर्ड पर लापरवाही का आरोप लगाया है और कमल की मौत में साजिश की आशंका भी जताई है।
अधिकारियों ने बताया कि इस मामले में जल बोर्ड के तीन इंजीनियरों को पहले ही निलंबित किया जा चुका है।
भाषा सुरभि रंजन
रंजन

Facebook


