पश्चिम बंगाल में जीत को लेकर भाजपा आश्वस्त, कहा: लोगों ने बदलाव के लिए मतदान किया
पश्चिम बंगाल में जीत को लेकर भाजपा आश्वस्त, कहा: लोगों ने बदलाव के लिए मतदान किया
( तस्वीरों सहित )
कोलकाता, चार मई (भाषा) पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं ने विधानसभा चुनाव में जीत का विश्वास जताते हुए सोमवार को कहा कि लोगों ने बदलाव के लिए मतदान किया है।
विधानसभा की 293 सीट के लिए मतगणना सुबह आठ बजे शुरू हुई। तृणमूल लगातार चौथी बार सत्ता में लौटने की कोशिश कर रही है, जबकि भाजपा राज्य में पहली बार सरकार बनाकर इतिहास रचने की उम्मीद कर रही है।
नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी ने दावा किया कि भाजपा राज्य में अगली सरकार बनाएगी।
अधिकारी नंदीग्राम से फिर चुनाव जीतने की कोशिश में हैं और भवानीपुर में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को चुनौती दे रहे हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा सरकार बनाएगी।’’
अधिकारी ने दावा किया कि इस चुनाव में मुस्लिम मतदाता पूरी तरह तृणमूल के साथ नहीं गए और हिंदू मत भाजपा के पक्ष में एकजुट हुए हैं।
भाजपा की पश्चिम बंगाल इकाई के अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने पार्टी की प्रचंड जीत का विश्वास जताया।
भट्टाचार्य ने कोलकाता में एक मतगणना केंद्र के बाहर कहा, ‘‘राज्य की जनता ने तृणमूल कांग्रेस सरकार को पहले ही खारिज कर दिया है और कुछ घंटों में अधिकतर सीट के नतीजे इसकी पुष्टि कर देंगे कि ममता बनर्जी और लोगों के बीच की लड़ाई में जनता ने ममता बनर्जी को खारिज कर दिया है।’’
खड़गपुर सदर से भाजपा के उम्मीदवार दिलीप घोष ने दावा किया कि लोगों ने बदलाव के लिए मतदान किया है।
उन्होंने ‘पीटीआई वीडियो’ से कहा, ‘‘मतगणना उसी तरह कराई जाएगी जिस तरह मतदान हुआ था। लोगों ने नयी सरकार लाने के लिए मतदान किया है।’’
नुआपाड़ा से भाजपा के उम्मीदवार अर्जुन सिंह ने कहा कि यह चुनाव बदलाव की राह प्रशस्त करेगा।
उन्होंने कहा, ‘‘हमें पूरा विश्वास है कि बदलाव होगा और भाजपा चुनाव जीतेगी।’’
गायघाटा से भाजपा के उम्मीदवार सुब्रत ठाकुर ने भरोसा जताया कि उनकी पार्टी 180 से अधिक सीट जीतेगी।
उन्होंने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी दिल्ली से हमारा मार्गदर्शन कर रहे हैं और हम ‘डबल इंजन’ सरकार बनाएंगे। पिछले चुनावों में दबंगई देखने को मिली थी। इस साल निर्वाचन आयोग ने स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित किया। लोगों ने ‘परिवर्तन’ के लिए मतदान किया है।’’
भाजपा नेता शिशिर बाजोरिया ने भी दावा किया कि उनकी पार्टी चुनाव में बड़ी जीत दर्ज करेगी।
उन्होंने कहा, ‘‘क्या आपने दीदी यानी मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की ओर से कुछ सुना है? वे चुप हो गए हैं।’’
भाषा सिम्मी मनीषा
मनीषा

Facebook


