भाजपा की सरकारों ने पिछले छह सप्ताह में हमारे नौ एआई वीडियो हटवाए: कांग्रेस
भाजपा की सरकारों ने पिछले छह सप्ताह में हमारे नौ एआई वीडियो हटवाए: कांग्रेस
नयी दिल्ली, 19 फरवरी (भाषा) कांग्रेस ने बृहस्पतिवार को आरोप लगाया कि पिछले छह सप्ताह के दौरान ‘एआई’ निर्मित उसके नौ वीडियो भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की केंद्र और राज्य सरकारों ने विभिन्न मंचों से हटवाए हैं, जबकि उन्हें नियमों का पालन करके तैयार किया गया था।
पार्टी की सोशल मीडिया विभाग की प्रमुख सुप्रिया श्रीनेत ने यह दावा भी किया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कृत्रिम मेधा (एआई) पर बड़ी-बड़ी बातें करते हैं, लेकिन असल में वह एआई से डरते हैं।
उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ‘‘पिछले छह हफ़्तों में कांग्रेस के एआई से बने नौ वीडियो प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, उनकी केंद्र और राज्य सरकारों ने डिलीट करवाए हैं। मैं स्पष्ट कर दूं कि इन सारे वीडियो में क़ानून के तहत जो ‘एआई डिस्क्लेमर’ होना चाहिए वो है।’’
सुप्रिया ने कहा कि वीडियो में ‘‘यह एआई से बनाया गया वीडिया’’ लिखा हुआ है, जिससे स्पष्ट है कि किसी को भी भ्रमित करने की कोई कोशिश नहीं की गई है।
उन्होंने कहा, ‘‘ख़ुद प्रधानमंत्री मोदी और भाजपा सच से इतना डरते हैं कि सच के नाट्य रूपांतर से भी ख़ौफ़ खाते हैं। ऐसा क्या है इन वीडियो में जिससे वो घबरा रहे हैं?’’
कांग्रेस नेता ने कहा, ‘‘इन वीडियो में हमने वही दिखाया है जो हम सार्वजनिक रूप से सड़क से लेकर संसद में बोल रहे हैं।’’
सुप्रिया ने कहा, ‘‘मैं प्रधानमंत्री और सरकार से कहना चाहती हूं कि एआई वीडियो डिलीट कराने से बेहतर है कि वो राष्ट्रहित में काम करे। अमेरिका के सामने आत्मसमर्पण बंद करिए।’’
भाषा हक
हक पवनेश
पवनेश

Facebook


