विधानसभा चुनावों में भाजपा को करना पड़ेगा हार का सामना : कांग्रेस

विधानसभा चुनावों में भाजपा को करना पड़ेगा हार का सामना : कांग्रेस

विधानसभा चुनावों में भाजपा को करना पड़ेगा हार का सामना : कांग्रेस
Modified Date: March 16, 2026 / 12:05 am IST
Published Date: March 16, 2026 12:05 am IST

नयी दिल्ली, 15 मार्च (भाषा) कांग्रेस ने रविवार को कहा कि वह चार राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनावों में जीत हासिल करेगी, जबकि भारतीय जनता पार्टी (भाषा) को उसकी “जनविरोधी, विभाजनकारी और विनाशकारी राजनीति” के कारण व्यापक रूप से हार का सामना करना पड़ेगा।

निर्वाचन आयोग द्वारा चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के बाद कांग्रेस के महासचिव (संगठन) के. सी. वेणुगोपाल ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा कि कांग्रेस मतगणना की तारीख चार मई को ‘‘इतिहास रचेगी।’’

वेणुगोपाल ने कहा, ‘‘केरल, तमिलनाडु, असम, पश्चिम बंगाल और पुडुचेरी के बहुप्रतीक्षित विधानसभा चुनावों की घोषणा आखिरकार हो गई है! हमें पूरा विश्वास है कि हम सभी राज्यों में जीत दर्ज करेंगे जबकि भाजपा को उसकी जनविरोधी, विभाजनकारी और विनाशकारी राजनीति के लिए व्यापक रूप से हार का सामना करना पड़ेगा, क्योंकि भाजपा ने वैश्विक स्तर पर भारत को कमजोर किया है और गरीब तथा वंचित वर्गों को मुश्किलों में डाला है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘ तमिलनाडु में, मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन के साथ हमारा अटूट गठबंधन सत्ता में वापस आएगा और सुशासन के अपने उत्कृष्ट रिकॉर्ड को जारी रखेगा। ’’

कांग्रेस महासचिव ने कहा, ‘‘ और निःसंदेह, मेरे गृह राज्य केरल में, संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) को समाज के सभी वर्गों से भारी समर्थन मिल रहा है और वह 100 से अधिक सीटों पर एकतरफा जीत के साथ सत्ता में आएगा! ’’

उन्होंने कहा, ‘‘ हम चार मई को इतिहास रचेंगे। ’’

इससे पहले उन्होंने कहा कि चुनाव प्रचार के लिए समय बहुत कम है। कांग्रेस नेता ने कहा, ‘‘ इस बीच, पवित्र सप्ताह होगा, और चुनाव विशु पर्व से कुछ दिन पहले निर्धारित हैं। व्यावहारिक रूप से, चुनाव प्रचार के लिए बहुत सीमित दिन बचे हैं।’’

हालांकि उन्होंने कहा कि कांग्रेस चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार है। वेणुगोपाल ने कहा, ‘‘यूडीएफ केरल में एलडीएफ के कुप्रशासन को समाप्त करने के लिए मजबूती से आगे बढ़ेगा। केरल की जनता इसका इंतजार कर रही है।’’

निर्वाचन आयोग ने रविवार को पश्चिम बंगाल, केरल, असम, तमिलनाडु और पुडुचेरी में विधानसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा कर दी। सभी राज्यों में मतगणना चार मई को होगी।

मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने बताया कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए दो चरण में 23 और 29 अप्रैल को मतदान होगा। पश्चिम बंगाल में विधानसभा की 294 सीट हैं।

उन्होंने संवाददाता सम्मेलन में बताया कि तमिलनाडु की 234 सदस्यीय विधानसभा के लिए 23 अप्रैल को मतदान होगा।

कुमार ने बताया कि केरल, असम और पुडुचेरी के लिए नौ अप्रैल को एक चरण में मतदान होगा।

भाषा रवि कांत रवि कांत नेत्रपाल

नेत्रपाल


लेखक के बारे में