संघर्ष टालने के लिए केंद्रीय बलों की तैनाती न किए जाने के मुद्दे पर भाजपा का चुनाव आयोग को पत्र
संघर्ष टालने के लिए केंद्रीय बलों की तैनाती न किए जाने के मुद्दे पर भाजपा का चुनाव आयोग को पत्र
कोलकाता, 15 मार्च (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने रविवार को निर्वाचन आयोग (ईसी) को पत्र लिखकर आरोप लगाया कि 14 मार्च को ब्रिगेड परेड मैदान में आयोजित प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की रैली में शामिल होने गए पार्टी कार्यकर्ताओं को सुरक्षा मुहैया नहीं कराई गई और उनपर हमला हो गया।
पार्टी ने पुलिस द्वारा केंद्रीय बलों को तैनात नहीं किए जाने को लेकर कार्रवाई की मांग की।
आयोग को लिखे पत्र में भाजपा नेता शिशिर बजोरिया ने दावा किया कि पार्टी कार्यकर्ताओं को रैली में ले जा रहीं बसों पर उत्तर कोलकाता में गिरीश पार्क के निकट पत्थर फेंके गए, जिसकी वजह से कई कार्यकर्ता घायल हो गए और उनमें से कुछ को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
क्षेत्र में उस समय झड़प हो गई जब भाजपा कार्यकर्ताओं ने राज्य की मंत्री शशि पांजा के घर के सामने लगे ‘भाजपा का बहिष्कार करो’ लिखे फ्लेक्स का विरोध करते हुए उन्हें फाड़ दिया। इसके बाद सेंट्रल एवेन्यू पर दोनों पक्षों के आमने सामने आने के दौरान भारी पथराव हुआ और पांजा के निवास के प्रथम तल वाले कमरे की खिड़कियों को पथराव से नुकसान पहुंचा।
पांजा ने दावा किया कि रैली में शामिल होने जा रहे भाजपा समर्थकों ने पथराव किया, जिसमें वह और उनकी पार्टी के कई सदस्य घायल हो गए।
पत्र में भाजपा ने आरोप लगाया कि चुनाव से पहले केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ) कर्मियों की पर्याप्त तैनाती के बावजूद, घटनास्थल पर कर्मी मौजूद नहीं थे, जिससे पार्टी के कार्यकर्ताओं और नेताओं की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं हो सकी।
भाषा जोहेब प्रशांत
प्रशांत

Facebook


