भाजपा के ‘ऑपरेशन लोटस’ का भंडाफोड: शिवकुमार
भाजपा के ‘ऑपरेशन लोटस’ का भंडाफोड: शिवकुमार
बेंगलुरु, 15 मार्च (भाषा) कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने रविवार को दावा किया कि यहां स्थित एक रिसॉर्ट में ठहरे ओडिशा कांग्रेस के विधायकों को रिश्वत की पेशकश करने के मामले में दो लोगों की गिरफ्तारी से भाजपा के ‘ऑपरेशन लोटस’ का भंडाफोड़ हो गया है।
उन्होंने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने ओडिशा में ‘ऑपरेशन लोटस’ की योजना बनाई है और 16 मार्च को होने वाले राज्यसभा चुनावों से पहले यहां लाए गए प्रत्येक विधायक को पांच करोड़ रुपये की पेशकश की जा रही है।
कांग्रेस की ओडिशा इकाई के एक वरिष्ठ नेता ने बेंगलुरु में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है, जिसमें आरोप लगाया गया है कि कुछ लोगों ने पार्टी विधायकों को रिश्वत देने की कोशिश की और जब उन्होंने प्रस्ताव ठुकरा दिया तो उन्हें धमकाया।
कांग्रेस की ओडिशा इकाई के कुछ अन्य पदाधिकारियों के साथ आठ विधायक भी रिसॉर्ट में डेरा डाले हुए हैं।
उन्हें राज्यसभा चुनावों के दौरान ओडिशा में सत्तारूढ़ भाजपा के उम्मीदवार के पक्ष में मतदान करने के लिए विधायकों की खरीद-फरोख्त की आशंकाओं के बीच बेंगलुरु लाया गया है।
कांग्रेस की कर्नाटक इकाई के प्रमुख की जिम्मेदारी भी संभाल रहे शिवकुमार ने कहा कि ओडिशा कांग्रेस विधायकों को रिश्वत देने की कोशिश करने के आरोप में दो लोगों को निजी रिसॉर्ट से गिरफ्तार किया गया है।
शिवकुमार ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘चार लोग आए थे। सुरेश नाम के एक स्थानीय व्यक्ति ने उनकी मदद की। उन्होंने ऑनलाइन माध्यम से उनसे (विधायक से) संपर्क किया। सुबह वे हमारे विधायक को ले गए। हमारे विधायक ने हमें बताया कि उन्होंने प्रत्येक वोट के लिए पांच करोड़ रुपये की पेशकश की थी। उन्होंने (कांग्रेस विधायक) कहा कि वे बिकने वाले नहीं हैं।’’
शिवकुमार ने कहा कि पकड़े गए लोगों ने स्वीकार किया है कि वे खरीद फरोख्त करने आए थे।
कांग्रेस ‘ऑपरेशन लोटस’ का इस्तेमाल कमल चुनाव चिह्न का प्रयोग करने वाली भाजपा पर गैर भाजपाई सरकारों को गिराने के लिए या राज्यसभा चुनाव में जीत के लिए कथित तौर पर विधायकों की खरीद-फरोख्त का आरोप लगाने के लिए करती है।
कांग्रेस के एक सूत्र के अनुसार, विधायकों की खरीद-फरोख्त में शामिल व्यक्तियों में से एक लोकसभा चुनाव में हार चुका उम्मीदवार है।
इसी बीच, ओडिशा में कांग्रेस विधायक दल के उपनेता अशोक कुमार दास ने बिदादी थाने के प्रभारी को दी गई शिकायत में कहा कि चार व्यक्तियों ने कुछ विधायकों से संपर्क किया और कथित तौर पर उन्हें राज्यसभा चुनाव में एक उम्मीदवार के पक्ष में ‘क्रॉस-वोट’ करने के लिए करोड़ों रुपये की पेशकश की।
दास ने शिकायत में कहा, ‘‘हमारे विधायकों की सुरक्षा के लिए, हमारे आठ विधायक बेंगलुरु आए हैं और 12 मार्च से यहीं रह रहे हैं।’’
उन्होंने कहा कि यह कदम इस आशंका के चलते उठाया गया है कि ओडिशा में सत्तारूढ़ भाजपा द्वारा एक अतिरिक्त उम्मीदवार को मैदान में उतारने के बाद विधायकों को प्रभावित करने के प्रयास किए जा सकते हैं।
कांग्रेस सूत्रों के अनुसार, ओडिशा में राज्यसभा चुनाव सोमवार को होंगे। भाजपा ने विधानसभा में अपने संख्या बल से इतर एक और उम्मीदवार मैदान में उतारा है जिससे विधायकों की खरीद-फरोख्त की आशंकाएं बढ़ गई हैं।
भाषा यासिर नरेश
नरेश

Facebook


