रंगदारी और सास की हत्या साजिश रचने के आरोप में कारोबारी की पत्नी और गोगी गिरोह का गुर्गा गिरफ्तार
रंगदारी और सास की हत्या साजिश रचने के आरोप में कारोबारी की पत्नी और गोगी गिरोह का गुर्गा गिरफ्तार
नयी दिल्ली, 29 जून (भाषा) दिल्ली पुलिस के विशेष प्रकोष्ठ ने 50 लाख रुपये की कथित रंगदारी वसूलने की साजिश का भंडाफोड़ करते हुए एक कारोबारी की पत्नी और गोगी गिरोह के गुर्गे के एक सदस्य को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों ने मिलकर इस वारदात को अंजाम देने की साजिश रची थी।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों की पहचान लक्ष्मी नगर निवासी सपना जैन और हरियाणा के सोनीपत के रजत (29) के रूप में हुई है। पुलिस ने कहा कि इन दोनों ने व्यवसायी से रंगदारी वसूली और हमला करने और बाद में उसकी मां की हत्या करने की साजिश रची थी।
पुलिस के अनुसार, रजत गोगी गिरोह के सदस्यों के संपर्क में था और उसने कथित तौर पर व्यवसायी को रंगदारी के लिए कॉल करने के वास्ते अमेरिका स्थित एक गैंगस्टर के साथ समन्वय किया था।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘लक्ष्मी नगर में थोक कारोबार करने वाले व्यवसायी को 14 जून को एक अंतरराष्ट्रीय नंबर से कॉल और संदेश आना शुरू हुए। फोन करने वाले ने खुद को गोगी गिरोह का सदस्य बताया और 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगी और पैसे न देने पर व्यवसायी और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी।’
पुलिस ने कहा कि आरोपी ने पीड़ित के घर और दुकान की तस्वीरें भी उसे भेजी ताकि उसे बताया जा सके कि वह उनकी निगरानी में है।
इस बाबत 18 जून को लक्ष्मी नगर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई, जिसके बाद जांच विशेष प्रकोष्ठ को सौंप दी गई।
पुलिस के अनुसार, रजत के मोबाइल फोन की जांच में कथित तौर पर यह पता चला कि वह अमेरिका में बैठे रंगदारी मांगने वाले व्यक्ति के साथ-साथ सपना जैन और उसकी बहन के भी लगातार संपर्क में था।
पुलिस ने दावा किया कि उपकरण में आपत्तिजनक बातचीत थीं, जो किसी साजिश की ओर इशारा कर रही थीं।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान रजत ने खुलासा किया कि सपना ने उससे अपने पति को रंगदारी मांगने फोन करने और बाद में कारोबारी पर हमला करते समय अपनी सास की हत्या कराने को कहा था। पुलिस ने बताया कि इस खुलासे के बाद सपना जैन को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने कहा कि सपना और पीड़ित की शादी 2007 में हुई थी और उनके 17 और 15 साल के दो बच्चे हैं। जांच से पता चला कि दंपति घरेलू विवादों का सामना कर रहे हैं और सपना अपने पति का पक्ष लेने के लिए अपनी सास से नाराज थी।
अधिकारी ने कहा, ‘सपना ने साजिश को अंजाम देने के लिए रजत को अपने पति की गतिविधियों का ब्योरा मुहैया कराया।’
पुलिस ने कहा कि रजत कथित तौर पर जेल में बंद गैंगस्टर रोहित मोई सहित गोगी गिरोह के कई सदस्यों से जुड़ा हुआ है।
भाषा नोमान नोमान माधव
माधव

Facebook


