सीईसी ज्ञानेश कुमार ने उत्तराखंड में एसआईआर की तैयारियों की समीक्षा की
सीईसी ज्ञानेश कुमार ने उत्तराखंड में एसआईआर की तैयारियों की समीक्षा की
(तस्वीरों के साथ)
देहरादून, 24 मई (भाषा) मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार ने रविवार को यहां एक उच्च स्तरीय बैठक में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की तैयारियों की समीक्षा की।
उत्तराखंड दौरे के दूसरे दिन बीजापुर स्थित राजकीय अतिथि गृह में समीक्षा बैठक हुई।
कुमार ने कहा कि एसआईआर का मुख्य उद्देश्य अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत और दोहराव वाले मतदाताओं तथा विदेशी लोगों की पहचान करके मतदाता सूची को शुद्ध करना है।
सीईसी ने सभी मतदाताओं से आगामी पुनरीक्षण के दौरान बूथ स्तरीय अधिकारियों (बीएलओ) के साथ सहयोग करने और अपनी नवीनतम पासपोर्ट आकार की तस्वीरें उपलब्ध कराने की अपील की।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी बीवीआर सी पुरुषोत्तम ने बैठक के दौरान विस्तृत प्रस्तुति दी। उन्होंने मुख्य निर्वाचन आयुक्त को अवगत कराया कि अधिकारियों ने राज्य में पूर्व-एसआईआर चरण के दौरान मिलान का 89 प्रतिशत कार्य पूरा कर लिया है।
अधिकारियों ने कुमार को बताया कि राज्य विशेष गहन पुनरीक्षण के लिए विभिन्न मीडिया माध्यमों से व्यापक मतदाता जागरूकता अभियान चला रहा है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों और निर्वाचन क्षेत्र अधिकारियों को राजनीतिक दलों के साथ साप्ताहिक बैठकें करने का निर्देश दिया।
भाषा शफीक देवेंद्र
देवेंद्र

Facebook


