जम्मू-कश्मीर के तीन-दिवसीय दौरे के दौरान बूथ स्तर के अधिकारियों से बातचीत करेंगे सीईसी

जम्मू-कश्मीर के तीन-दिवसीय दौरे के दौरान बूथ स्तर के अधिकारियों से बातचीत करेंगे सीईसी

जम्मू-कश्मीर के तीन-दिवसीय दौरे के दौरान बूथ स्तर के अधिकारियों से बातचीत करेंगे सीईसी
Modified Date: June 28, 2026 / 06:44 pm IST
Published Date: June 28, 2026 6:44 pm IST

श्रीनगर, 28 जून (भाषा) मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार रविवार को यहां जम्मू-कश्मीर के तीन-दिवसीय दौरे पर श्रीनगर पहुंचे।

कुमार इस दौरे पर घाटी के विभिन्न हिस्सों में कई कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे।

एक आधिकारिक प्रवक्ता ने बताया कि इन कार्यक्रमों का उद्देश्य मतदाताओं, चुनाव से जुड़े विभिन्न पक्षों और जमीनी स्तर पर कार्यरत चुनावी तंत्र के साथ संवाद करना है।

कुमार इसके अलावा, जमीनी स्तर पर जारी चुनाव संबंधी योजनाओं की समीक्षा भी करेंगे।

प्रवक्ता ने बताया कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त के शेख-उल-आलम अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरने के बाद जम्मू-कश्मीर के मुख्य निर्वाचन अधिकारी संजीव वर्मा, बडगाम के उपायुक्त अतहर आमिर और प्रशासन के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने उनका स्वागत किया।

कुमार ने हवाई अड्डे पर संवाददाताओं से कहा कि वह जम्मू-कश्मीर की ‘खूबसूरत वादियों’ के विभिन्न हिस्सों के मतदाताओं के साथ संवाद करेंगे और जमीनी स्तर पर काम करने वाले अधिकारियों के साथ जुड़ाव को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

उन्होंने कहा, ‘‘मैं जम्मू-कश्मीर की खूबसूरत वादियों के विभिन्न हिस्सों में रहने वाले मतदाताओं के साथ बातचीत करूंगा, खासकर बडगाम जिले के जमीनी स्तर पर कार्यरत बूथ-स्तरीय अधिकारियों के साथ, जो आयोग की नींव हैं।”

अधिकारियों ने बताया कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त सोमवार सुबह बडगाम जिले के मतदाताओं, बूथ स्तरीय अधिकारियों (बीएलओ) और अन्य संबंधित पक्षों के साथ संवाद करेंगे।

उन्होंने बताया कि यह दौरा मतदाताओं और चुनावी प्रक्रिया से जुड़े पक्षों के साथ जुड़ाव मजबूत करने, जमीनी स्तर पर तैयारियों को बेहतर बनाने तथा लोकतांत्रिक भागीदारी एवं जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए आयोग के प्रयासों का हिस्सा है।

भाषा जितेंद्र सुरेश

सुरेश


लेखक के बारे में