दिल्ली के पीरागढ़ी में एसयूवी से कुचलकर चौकीदार की हत्या
दिल्ली के पीरागढ़ी में एसयूवी से कुचलकर चौकीदार की हत्या
नयी दिल्ली, 24 मई (भाषा) बाहरी दिल्ली के पीरागढ़ी गांव में रविवार को एसयूवी चालक ने एक चौकीदार की पहले कथित तौर पर पिटाई की और फिर मौके से भागने की कोशिश के दौरान चौकीदार को दो बार वाहन से कुचल दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, यह घटना सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गयी।
मृतक की पहचान गांव निवासी बिजेंद्र भारद्वाज (60) के रूप में हुई है, जो घटना स्थल स्थित टेम्पो स्टैंड पर चौकीदार के रूप में काम करते थे।
पुलिस के एक अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण से संकेत मिलता है कि चौकीदार को संभवतः जानबूझकर निशाना बनाया गया था। उन्होंने कहा कि पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।
सीसीटीवी फुटेज में नजर आता है कि एसयूवी (स्पोर्ट यूटिलिटी व्हीकल) कुछ देर तक एक जगह पर खड़ी थी और उसकी हेडलाइट ऑन थी। वहीं चौकीदार दूसरी दिशा में कुर्सी पर बैठा था।
इसके बाद एक व्यक्ति एसयूवी से उतरा और डंडे से बिना किसी उकसावे के चौकीदार पर हमला करने लगा। फुटेज में चौकीदार इस दौरान खुद को बचाने की कोशिश भी करता नजर आया। इसके बाद आरोपी वापस एसयूवी में बैठा और उसने वाहन से चौकीदार को टक्कर मार दी।
पुलिस के अनुसार, जब चौकीदार ने वहां से भागने की कोशिश की, तब आरोपी ने दोबारा वाहन उसकी ओर मोड़ा और उसे कुचलते हुए तेजी से मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने बताया कि घटनास्थल पर जांच के दौरान वाहन के टायरों के घिसटने के निशान भी मिले हैं, जिससे संकेत मिलता है कि घटना से पहले या घटना के दौरान वाहन में ब्रेक लगाए गए थे।
पुलिस के मुताबिक रविवार तड़के करीब 4.03 बजे घटना के संबंध में पीसीआर कॉल की गयी, जिसके बाद स्थानीय पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
मौके पर पहुंची पुलिस को बिजेंद्र सड़क पर अचेत अवस्था में पड़े मिले और उन्हें नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने बताया कि इस घटना के संबंध में पश्चिम विहार वेस्ट थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) (हत्या) और 3(5) (समान आशय) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, वाहन का पंजीकरण नंबर और मालिक के बारे में पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘इलाके में लगे सीसीटीवी फुटेज की विस्तृत जांच में सामने आया है कि बिजेंद्र को एक चारपहिया वाहन ने दो बार कुचला। वाहन की पहचान करने और घटनाक्रम को समझने के लिए फुटेज की गहन जांच की जा रही है।’’
पुलिस ने बताया कि आरोपी चालक और वाहन का पता लगाने के लिए कई टीमें गठित की गई हैं। फॉरेंसिक और अन्य विशेषज्ञ टीमों ने मौके का निरीक्षण कर तकनीकी एवं अन्य साक्ष्य एकत्र किए हैं।
इस बीच, मृतक के एक रिश्तेदार ने कहा कि उनकी किसी से कोई दुश्मनी या विवाद नहीं था।
मृतक के भतीजे सुनील भारद्वाज ने कहा, ‘‘हमें घटना की जानकारी दोपहर करीब 3.30 बजे मिली। मेरे चाचा पिछले एक वर्ष से यहां सुरक्षा गार्ड के रूप में काम कर रहे थे। वह बेहद सरल स्वभाव के व्यक्ति थे और उनकी किसी से कोई दुश्मनी या विवाद नहीं था। यहां कोई भी बता सकता है कि उन्होंने कभी किसी से झगड़ा नहीं किया।’’
भाषा रवि कांत रवि कांत प्रशांत
प्रशांत

Facebook


