चुटकुलों से सिनेमाघर तो चल सकते हैं, लेकिन सरकार नहीं: हरियाणा के मुख्यमंत्री सैनी
चुटकुलों से सिनेमाघर तो चल सकते हैं, लेकिन सरकार नहीं: हरियाणा के मुख्यमंत्री सैनी
धूरी (पंजाब), सात जून (भाषा) हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रविवार को कहा कि उनके पंजाब के समकक्ष को चुटकुलों के अलावा कुछ नहीं आता और सरकार चलाने की काबिलियत भी उनमें नहीं है।
सैनी ने पूर्व स्टैंड-अप कॉमेडियन भगवंत मान के बारे में कहा, ‘चुटकुलों से सिनेमाघर तो चल सकते हैं, लेकिन सरकार नहीं।’
इसी बीच, भाजपा की पंजाब इकाई के अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने सत्ता में आने पर राज्य के सर्वांगीण विकास का वादा किया और दावा किया कि मान 2027 के विधानसभा चुनावों में धूरी विधानसभा क्षेत्र से चुनाव नहीं लड़ेंगे।
सैनी ने यहां एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि धूरी के लोगों का उत्साह राज्य में बदलाव की एक मजबूत लहर का संकेत देता है।
भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी के नेता खुद को क्रांतिकारी बताते हैं लेकिन असल में वे जनता को गुमराह कर रहे हैं।
सैनी ने कहा कि धूरी मान का निर्वाचन क्षेत्र है, फिर भी उन्होंने न केवल पंजाब से बल्कि धूरी से भी खुद को दूर कर लिया है।
सैनी ने कहा, “पंजाब कभी विकास के मामले में कई राज्यों से आगे था, लेकिन अपने स्वार्थों को साधने वाली राजनीतिक पार्टियों ने इसे पिछड़ों की श्रेणी में धकेल दिया है। आज पंजाब में नशा विरोधी जंग सिर्फ अखबारों के विज्ञापनों के जरिए लड़ी जा रही है, जबकि जमीनी स्तर पर कुछ खास काम नहीं हो रहा है।”
उन्होंने कहा कि पंजाब के किसान देश के अन्नदाता हैं और उन्होंने 2022 में आम आदमी पार्टी पर भरोसा जताया था, लेकिन उन्हें न तो अपनी सभी फसलों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) मिला और न ही फसल के नुकसान की भरपाई हुई।
उन्होंने कहा कि यह किसानों के साथ “सबसे बड़ा विश्वासघात” है।
सैनी ने कहा, “इसके विपरीत, हरियाणा देश का पहला राज्य है जहां सरकार सभी फसलों की खरीद न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर करती है। प्राकृतिक आपदाओं से हुए नुकसान के लिए किसानों को मुआवजा देने में हरियाणा बहुत आगे है।”
हरियाणा के मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले साल बारिश और बाढ़ से फसलों को हुए नुकसान के बाद, हरियाणा ने किसानों को 16,500 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की।
ढिल्लों ने मान सरकार पर राज्य की जनता के साथ विश्वासघात करने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा, “मेरी बात मानिए, मुख्यमंत्री भाग जाएंगे। वे यहां से चुनाव नहीं लड़ेंगे।”
हरियाणा शासन प्रणाली के बारे में बात करते हुए ढिल्लों ने कहा कि पड़ोसी राज्य में भाजपा सरकार सभी फसलों पर न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) दे रही है।
ढिल्लों ने कहा, “यह सिर्फ 4-5 महीनों की बात है। सभी फसलों की खरीद होगी।”
उन्होंने आम आदमी पार्टी (आप) सरकार पर सरकारी कर्मचारियों को महंगाई भत्ता का बकाया न देने का भी आरोप लगाया।
सैनी ने कहा कि पंजाब ने हाल ही में कांग्रेस से मुक्ति पाई है, क्योंकि आम आदमी पार्टी बड़े-बड़े वादे करके सत्ता में आई थी।
उन्होंने कहा, “भोले-भाले लोगों ने उन वादों पर भरोसा किया और पंजाब आज भी उसके परिणाम भुगत रहा है। इसके विपरीत, भाजपा सिर्फ वादे करने में नहीं, बल्कि उन्हें जमीनी स्तर पर लागू करने में विश्वास रखती है।”
सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने गरीबों, किसानों, युवाओं, महिलाओं और समाज के वंचित वर्गों के कल्याण के लिए कई योजनाएं शुरू की हैं, जिनसे देश भर में लाखों लोगों को लाभ मिला है।
उन्होंने कहा, “मोदी जी एक विकसित भारत की कल्पना करते हैं और अगर पंजाब के लोग भाजपा का समर्थन करते हैं, तो पंजाब भी एक विकसित राज्य बन सकता है।”
भाषा राखी नरेश
नरेश

Facebook


