कांग्रेस सरकार ने कर्नाटक की जनता के साथ विश्वासघात किया : नितिन नवीन

Ads

कांग्रेस सरकार ने कर्नाटक की जनता के साथ विश्वासघात किया : नितिन नवीन

  •  
  • Publish Date - May 24, 2026 / 07:17 PM IST,
    Updated On - May 24, 2026 / 07:17 PM IST

(फोटो सहित)

बेंगलुरु, 24 मई (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने रविवार को कर्नाटक की कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि प्रशासन ने राज्य की जनता के साथ ‘‘विश्वासघात’’ किया है और पिछले तीन वर्षों में विकास और कल्याणकारी गतिविधियों से अपना ध्यान हटा लिया है।

कर्नाटक की दो दिवसीय यात्रा के दौरान नवीन ने कहा कि राज्य में सत्तारूढ़ कांग्रेस आंतरिक कलह से जूझ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी के नेता शासन चलाने के बजाय ‘‘सत्ता का इस्तेमाल निजी हितों के लिए’’ कर रहे हैं।

नवीन ने आरोप लगाया, ‘‘कर्नाटक सरकार ने पिछले तीन वर्षों में यहां के लोगों को धोखा दिया, जनता के भरोसे को तोड़ा और पार्टी की अंदरूनी कलह के कारण जन कल्याणकारी कार्य पीछे छूट गए हैं।’’

उन्होंने परोक्ष रूप से मुख्यमंत्री सिद्धरमैया और उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार के बीच ‘सत्ता संघर्ष’ का जिक्र किया।

राज्य सरकार को लोगों की चिंताओं से कटा हुआ बताते हुए नवीन ने कहा, “यहां की सरकार का जनता के हितों से कोई लेना-देना नहीं है। इस सरकार को चलाने वाले नेता सरकार और सत्ता का इस्तेमाल सिर्फ अपने स्वार्थ के लिए कर रहे हैं।”

भाजपा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार की प्राथमिकताओं के कारण कर्नाटक में विकास और कल्याणकारी कार्यक्रम प्रभावित हुए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का ध्यान उन विकास योजनाओं से पूरी तरह से हट गया है, जिन्हें राज्य की जनता के लिए लागू किया जाना चाहिए था और उन कल्याणकारी कार्यों से भी, जिन्हें किया जाना अपेक्षित था।

नवीन ने कांग्रेस पर अपने राष्ट्रीय नेतृत्व के लाभ के लिए कर्नाटक का ‘‘आर्थिक शोषण’’ करने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस कर्नाटक को एटीएम की तरह इस्तेमाल कर रही है, ताकि दिल्ली में अपने दरबार को सजाया और चलाया जा सके।’’

अपनी यात्रा का जिक्र करते हुए भाजपा प्रमुख ने कहा कि देशभर में पार्टी के जिला स्तरीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने अपनी यात्रा के दौरान कर्नाटक में संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा की।

भाजपा अध्यक्ष ने यहां पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में राज्य स्तरीय कोर कमेटी की बैठक के बाद संवाददाताओं से बात की।

भाषा आशीष पारुल

पारुल