शबरिमला में महिलाओं के प्रवेश के मुद्दे पर कांग्रेस ने केरल सरकार पर साधा निशाना
शबरिमला में महिलाओं के प्रवेश के मुद्दे पर कांग्रेस ने केरल सरकार पर साधा निशाना
तिरुवनंतपुरम, 15 मार्च (भाषा) कांग्रेस ने शबरिमला में महिलाओं के प्रवेश के मुद्दे पर वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) सरकार के ‘अपरिवर्तित’ रुख की रविवार को तीखी आलोचना की और इस संबंध में देवस्वओम मंत्री वी. एन. वासवन के दावे को ‘‘खुला झूठ’’ करार दिया।
कांग्रेस ने मुख्यमंत्री पिनराई विजयन की सरकार से अपील की कि वह इस मामले में उच्चतम न्यायालय में दायर लिखित हलफनामे को वापस ले।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रमेश चेन्निथला ने यहां संवाददाताओं से बात करते हुए कहा कि राज्य सरकार ने हलफनामे में केवल यह कहा है कि उच्चतम न्यायालय धार्मिक पुरोहितों और पुनर्जागरण नेताओं से परामर्श करने के बाद यह निर्णय ले सकता है कि युवा महिलाओं को मंदिर में प्रवेश की अनुमति दी जाए या नहीं।
उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा दायर लिखित हलफनामे का विस्तृत विश्लेषण करने पर यह स्पष्ट हुआ कि महिलाओं के प्रवेश के मुद्दे पर सरकार ने अपने पुराने रुख में कोई बदलाव नहीं किया है।
उन्होंने कहा, “देवस्वओम मंत्री का यह दावा खुला झूठ है कि उन्होंने शबरिमला में महिलाओं के प्रवेश के मामले में अपना रुख बदल लिया है। उन्होंने इस मामले में अपने पुराने रुख में कोई बदलाव नहीं किया है। उच्चतम न्यायालय में दाखिल हलफनामे पर गौर करने के बाद हमें यह बात समझ आई।’’
चेन्निथला ने जानना चाहा कि विजयन सरकार इस बारे में स्पष्ट रुख क्यों नहीं अपनाती कि युवा महिलाओं को भगवान अयप्पा मंदिर में जाने की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए।
केरल के देवस्वओम मंत्री वी. एन. वासवन ने शबरिमला में महिलाओं के प्रवेश की अनुमति देने से संबंधित 2018 के उच्चतम न्यायालय के फैसले के लिए शनिवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को दोषी ठहराया था।
उन्होंने कहा कि एलडीएफ सरकार का वर्तमान रुख वही है जो उसने 2007 में उच्चतम न्यायालय में दाखिल हलफनामे में प्रकट किया था।
भाषा जोहेब धीरज
धीरज

Facebook


